सारण: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के प्रणेता प्रशांत किशोर की जीत के बाद सारण जिले में भी पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. इस अवसर पर पूर्व विधायक शत्रुघ्न तिवारी उर्फ चोकर बाबा ने मंगलवार को बयान जारी कर इसे जनता की जीत और बिहार की राजनीति में बदलाव का संकेत बताया.
'हुकूमत जनता की होती है'
पूर्व विधायक चोकर बाबा ने कहा कि कुछ लोगों को यह भ्रम था कि देश में जनता की नहीं, बल्कि उनकी हुकूमत चलती है. उन्हें लगता था कि किसी भी उम्मीदवार को खड़ा कर चुनाव जीत सकते हैं, लेकिन बांकीपुर की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है.
युवाओं ने बदलाव का दिया संदेश
उन्होंने कहा कि बिहार का युवा अब जागरूक हो चुका है और वह रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुनवाई और विकास के मुद्दों पर राजनीति चाहता है. आने वाले समय में वही जनप्रतिनिधि जनता का विश्वास जीतेंगे, जो इन मूलभूत मुद्दों पर काम करेंगे.
'प्रशांत किशोर नहीं, जनता लड़ रही थी चुनाव'
चोकर बाबा ने कहा कि बांकीपुर में केवल प्रशांत किशोर चुनाव नहीं लड़ रहे थे, बल्कि वहां की जनता बदलाव के लिए मैदान में थी. उन्होंने दावा किया कि यह परिणाम जनता की सोच में आए बदलाव का प्रतीक है.
भाजपा पर साधा निशाना
पूर्व विधायक ने कहा कि यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रभाव वाले क्षेत्र की मानी जाती थी. सरकार की पूरी ताकत लगाने के बावजूद मिली हार इस बात का संकेत है कि जनता में नाराजगी है. उन्होंने कहा कि यह परिणाम बिहार की राजनीति में नए समीकरणों का मार्ग प्रशस्त करेगा.
इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन
