छपरा में रात भर चला जांच अभियान, 150 से अधिक शरारती तत्वों को लिया गया हिरासत में,पुलिस की 6 टीमें जांच में जुटीं

छपरा में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है. 150 से अधिक शरारती तत्वों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.

छपरा में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुए उपद्रव के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने 150 से अधिक शरारती तत्वों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्पष्ट कहा कि शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हो रही पहचान

एसएसपी विनीत कुमार के निर्देश पर पुलिस की छह विशेष टीमें गठित की गई हैं. इन टीमों ने 25 जुलाई की देर रात तक शहर के विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाया. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया. पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख यात्री पड़ावों पर भी विशेष निगरानी रखी.

फ्लैग मार्च के साथ बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

घटना के बाद डीएम और एसएसपी के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया. जिन इलाकों में सबसे अधिक उपद्रव हुआ था, वहां विशेष जांच अभियान चलाया गया. देर रात तक थाना चौक, नगर पालिका चौक, भगवान बाजार स्टेशन रोड, गुदरी, सांढा ओवरब्रिज, बाजार समिति मोड़, नेवाजी टोला चौक और भिखारी चौक सहित कई स्थानों पर पुलिस बल अलर्ट मोड में तैनात रहा. इन इलाकों में सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया गया.

शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान भड़की थी हिंसा

25 जुलाई को विभिन्न छात्र संगठनों के आह्वान पर शहर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा था. दोपहर करीब एक बजे के बाद प्रदर्शनकारियों की भीड़ का एक हिस्सा उग्र हो गया और शहर के कई इलाकों में पत्थरबाजी शुरू हो गई. पुलिस के हस्तक्षेप के दौरान नगरपालिका चौक पर प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस वैन में आग लगा दी. इसके अलावा थाना चौक, पंकज सिनेमा रोड और साहेबगंज सहित कई स्थानों पर जमकर पथराव हुआ.

पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी और अधिकारी घायल

प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी घायल हो गए. घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और जांच अभियान को और तेज कर दिया है. पुलिस का कहना है कि सभी दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat kiran himanshu

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >