समस्तीपुर: पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Samastipur News: समस्तीपुर के हसनपुर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला. सड़क हादसे के बाद युवक लापता हो गया था. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है. जानिए खबर विस्तार से...

समस्तीपुर से गिरिजा नन्दन शर्मा की रिपोर्ट

Samastipur News: हसनपुर थाना क्षेत्र के मौजी गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान बिथान थाना क्षेत्र के जगमोहरा निवासी अर्जुन यादव के पुत्र प्रभाकर कुमार के रूप में हुई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

ग्रामीणों ने पेड़ से लटका देखा शव

ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह गांव के बाहर बासवारी स्थित आम के पेड़ से युवक का शव लटका देखा. सूचना मिलने पर हसनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

सड़क हादसे के बाद लापता हुआ था युवक

परिजनों के अनुसार प्रभाकर सोमवार दोपहर करीब तीन बजे अपनी चारपहिया गाड़ी लेकर बेगूसराय के लिए निकला था. मालदह हाई स्कूल के समीप मिट्टी लदे ट्रैक्टर से उसकी गाड़ी में टक्कर लग गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक और उसके साथियों ने युवक का पीछा किया. प्रभाकर ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं. इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. काफी खोजबीन के बाद मंगलवार सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला.

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे. उनका रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

फॉरेंसिक टीम ने की जांच, पुलिस कई बिंदुओं पर जुटी

स्थानीय पुलिस ने समस्तीपुर से फॉरेंसिक टीम बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई. थानाध्यक्ष सुनील कांत ने बताया कि युवक का शव फंदे से लटका मिला है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक अनुसंधान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >