समस्तीपुर के मोरवा से मनोज वर्मा की रिपोर्ट
Samastipur News: मोरवा प्रखंड क्षेत्र की निकसपुर पंचायत के बेनुआ गांव के एक होनहार युवक ने अपनी मेहनत से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है. बेनुआ गांव निवासी और इंडियन नेवी में पदस्थापित विपिन ठाकुर व गृहिणी संगीता ठाकुर के इकलौते पुत्र हर्ष कुमार ने यह गौरव हासिल करते हुए इलाके के युवाओं के लिए एक कड़क मिसाल पेश की है. हर्ष की सफलता से उनकी बहन भी गौरवान्वित हैं, जो वर्तमान में बीपीसीएल (BPCL) में एक अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं. हर्ष की इस शानदार उपलब्धि की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है.
आईएमए में हासिल की 19वीं रैंक
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, नवनियुक्त लेफ्टिनेंट हर्ष कुमार बीते 13 जून 2026 को देहरादून स्थित प्रतिष्ठित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) से शानदार तरीके से पास आउट हुए हैं. हर्ष ने सेना की प्रतिष्ठित ‘कोर ऑफ आर्मी एयर डिफेंस’ (Army Air Defense) में कमीशन प्राप्त किया है. अपनी ट्रेनिंग के दौरान हर्ष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आईएमए की ओवरऑल मेरिट लिस्ट में 19वां रैंक हासिल किया.
राष्ट्रपति के हाथों हुए पुरस्कृत
इसके साथ ही, आर्मी एयर डिफेंस में कमीशन प्राप्त करने वाले देश भर के सभी ऑफिसर कैडेट्स में उन्होंने प्रथम (पहला) रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. इस गौरवमयी उपलब्धि के लिए हर्ष कुमार को ‘आर्मी एयर डिफेंस रोलिंग ट्रॉफी’ से नवाजा गया और पासिंग आउट परेड के दौरान माननीय राष्ट्रपति के द्वारा विशेष रूप से पुरस्कृत भी किया गया.
घर पर लगी शुभचिंतकों की भीड़
जैसे ही हर्ष के लेफ्टिनेंट बनने की आधिकारिक खबर गांव पहुंची, उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया. क्षेत्र के पूर्व विधायक विद्यासागर सिंह निषाद, प्रखंड प्रमुख सान्या नेहा और निकसपुर की मुखिया संजू सक्सेना ने हर्ष के माता-पिता से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी.
इसके अलावा गौरव कुमार शर्मा, उप सरपंच सह भाजयुमो अध्यक्ष दीपक ठाकुर, सतीश ठाकुर, रामानंद ठाकुर समेत दर्जनों गणमान्य लोगों, समाजसेवियों और स्थानीय ग्रामीणों ने हर्ष की इस कड़क कामयाबी पर खुशी जताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की है.
