Samastipur Drainage Project: नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र को जलजमाव की पुरानी समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए बड़ी पहल की गई है. शहर में वर्षा जल की सुगम निकासी के लिए ₹48.25 करोड़ (4825.54 लाख) की लागत से स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया गया है. इस महत्वाकांक्षी योजना का क्रियान्वयन बुडको द्वारा किया जा रहा है. इसके तहत पूरे नगर निगम क्षेत्र को तीन प्रमुख कैचमेंट एरिया में विभाजित कर 9.75 किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण किया जाएगा.
तीन कैचमेंट एरिया में बांटी गई योजना:
- पहला कैचमेंट (भोला टॉकिज चौक से गुरुकुल): इसकी लंबाई 2.6 किलोमीटर है. इससे व्यावसायिक व आवासीय क्षेत्रों को जलजमाव से राहत मिलेगी.
- दूसरा कैचमेंट (आयकर कार्यालय से दरियाबेला): इसकी लंबाई 4.5 किलोमीटर है. यह सबसे लंबा पैच है, जो प्रशासनिक भवनों और घनी आबादी वाले इलाकों को कवर करेगा.
- तीसरा कैचमेंट (भुईधारा चौक से मोहनपुर पुल): इसकी लंबाई 2.56 किलोमीटर है. यह दक्षिणी व पूर्वी हिस्से को जोड़ेगा जिससे निचले इलाकों में पानी जमा नहीं होगा.
परियोजना से होने वाले प्रमुख लाभ मानसून के दौरान जलजमाव से स्थायी राहत मिलेगी. सड़कें लंबे समय तक टिकाऊ रहेंगी और जलजमाव न होने से मच्छरों व संक्रामक बीमारियों के खतरे में भारी कमी आएगी.
बयान:
नगर आयुक्त का बयान "प्रोजेक्ट को निर्धारित मापदंडों और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए बुडको को सख्त निर्देश दिए गए हैं. निर्माण कार्य पूरा होते ही समस्तीपुरवासियों को जलजमाव से निजात मिल जाएगी." — ज्ञान प्रकाश, नगर आयुक्त, समस्तीपुर नगर निगम
