Samastipur: शादी समारोह से चोरी हुई दो बाइक का खुलासा, कट रही बुलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार

मोरवा के हलई थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई दो बाइक चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. छापेमारी के दौरान अधकटी बुलेट बाइक और चोरी का मोबाइल बरामद किया गया. मामले में गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है. पढ़ें पूरी खबर…

समस्तीपुर के मोरवा से मनोज वर्मा की रिपोर्ट

Samastipur News: हलई थाना क्षेत्र के सारंगपुर पश्चिमी पंचायत में शादी समारोह के दौरान हुई दो बाइक चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक अधकटी बुलेट हंटर बाइक बरामद की है और मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. जांच के दौरान एक अन्य चोरी की घटना का भी खुलासा हुआ है.

पुलिस के अनुसार 25 नवंबर 2025 को सारंगपुर पश्चिमी पंचायत में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान दो बाइक चोरी हो गई थीं. चोरी की गई बाइकों में तीस्वरा निवासी विनोद ठाकुर के पुत्र अभिजीत कुमार और नरेंद्र पोद्दार की बाइक शामिल थी.

आवेदन के बाद शुरू हुई थी जांच

घटना के बाद दोनों पीड़ितों ने संयुक्त रूप से थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी एएसआई कृष्ण प्रसाद को सौंपी गई. पुलिस ने विभिन्न स्तरों पर जांच शुरू की, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी. इस बीच पीड़ित भी अपने स्तर से बाइक की तलाश में जुटे रहे.

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि सारंगपुर पश्चिमी पंचायत के सूरजपुर गांव स्थित एक घर में बाइक काटी जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक अधकटी बुलेट हंटर बाइक बरामद की और घर से अश्वनी झा के पुत्र अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ में सामने आए नए तथ्य

गिरफ्तारी के बाद शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह मुंबई में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है और घटना की जानकारी नहीं है. उसने दावा किया कि उसके एक मित्र ने घर की चाबी लेकर कुछ सामान रखा था. हालांकि पुलिस की पूछताछ आगे बढ़ने पर आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. पुलिस के अनुसार उसके पास से एक चोरी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया.

मोबाइल दुकान चोरी मामले से भी जुड़ा तार

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चार दिन पहले व्यासपुर चौक स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना में भी आरोपी की कथित संलिप्तता है.

पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की घटनाओं में अन्य लोगों की भूमिका रही है या नहीं. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >