Patna News : दुल्हिन बाजार प्रखंड क्षेत्र के रानीतालाब थाना अंतर्गत रानीतालाब गांव का एक युवक रविवार शाम से लापता है. सोमवार सुबह उसकी बाइक बुद्धू छपरा गांव के पास बड़ी नहर के किनारे मिलने के बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
कनपा बाजार जाने की बात कहकर निकला था
जानकारी के अनुसार रानीतालाब गांव निवासी शारदा चौधरी का 28 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार रविवार को बाइक से कनपा बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
नहर किनारे मिली बाइक, शुरू हुई तलाश
सोमवार सुबह अमरजीत की बाइक बुद्धू छपरा गांव के पास बड़ी नहर के किनारे खड़ी मिली. इसके बाद परिजनों ने रानीतालाब थाना को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. साथ ही एसडीआरएफ और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया.
एसडीआरएफ ने नहर में चलाया सर्च अभियान
एसडीआरएफ की टीम ने नहर में युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली. रानीतालाब थाना पुलिस ने बताया कि युवक की तलाश जारी है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.
