कोर्ट के आदेश पर ससुराल पहुंची विवाहिता, मानसिक अस्पताल भेजने के लिए बुलायी एंबुलेंस

कोर्ट के आदेश पर ससुराल पहुंची विवाहिता को मानसिक रोगी बताकर जबरन अस्पताल भेजने का प्रयास किया गया. पति व ससुराल वाले पुलिस के जाने के बाद फरार हो गए.

Patna News : फुलवारी शरीफ के आदर्श नगर रोड नंबर एक में मंगलवार को एक विवाहिता को मानसिक रोगी बताकर ससुराल में रखने से इनकार करने और कथित तौर पर जबरन मानसिक अस्पताल भेजने की कोशिश का मामला सामने आया है. महिला के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि भीम पंडित मौके पर पहुंचे. इसी दौरान 112 डायल पुलिस भी पहुंची और ससुराल वालों को समझा-बुझाकर महिला को ससुराल में ही रखने की बात कही. पुलिस के लौटने के बाद पति समेत ससुराल के अन्य लोग घर छोड़कर फरार हो गये. इसके बाद महिला अपनी करीब तीन साल की बेटी, पिता, मां और भाई के साथ वार्ड पार्षद प्रतिनिधि के दरवाजे पर बैठकर न्याय की गुहार लगाने लगी.

2021 में हुई थी शादी

29 वर्षीय पूजा कुमारी, पिता कन्हैया लाल, की शादी वर्ष 2021 में आदर्श नगर रोड नंबर एक निवासी हरि प्रसाद के पुत्र विवेक कुमार से हुई थी. वर्ष 2023 में दोनों की बेटी हुई, जो अब करीब तीन वर्ष की है.

पूजा का आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद से ही ससुराल वाले मायके से 10 लाख रुपये और एक फ्लैट लाने का दबाव बनाने लगे. आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण मायके वाले मांग पूरी नहीं कर सके. इसके बाद उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा.

मानसिक रोगी बताकर नशा मुक्ति केंद्र भेजने का आरोप

पूजा का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसे मानसिक रोगी बताकर घर में रखने से इनकार करना शुरू कर दिया. पहले भी उसके साथ मारपीट कर उसे जबरन पाटलिपुत्र स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करा दिया गया था. इसी दौरान उसके पति की ओर से कोर्ट में तलाक का मामला भी दायर किया गया.

नशा मुक्ति केंद्र से बाहर आने के बाद पूजा कोर्ट पहुंची और उसने तलाक लेने से इनकार किया. इसके बाद कोर्ट ने उसे ससुराल जाने का आदेश दिया.

कोर्ट के आदेश के बाद पहुंची ससुराल

मंगलवार को कोर्ट के आदेश के बाद पूजा अपनी ससुराल पहुंची. उसका आरोप है कि वहां पति विवेक कुमार, भैंसुर सावन कुमार, गोतनी प्रमिला देवी समेत अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे कमरे में बंद कर दिया.

पूजा ने किसी तरह स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि भीम पंडित को फोन कर घटना की जानकारी दी. इसके बाद भीम पंडित के साथ बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गये.

मानसिक अस्पताल भेजने के लिए पहुंची एंबुलेंस

पूजा के मुताबिक, इसी दौरान उसे मानसिक अस्पताल ले जाने के लिए एक एंबुलेंस भी वहां पहुंची. एंबुलेंस देखकर मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो गये और महिला को उसकी इच्छा के विरुद्ध अस्पताल भेजने का विरोध करने लगे.

इसी बीच 112 डायल पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी. पुलिस ने ससुराल वालों को समझाया-बुझाया और महिला को ससुराल में ही रखने की बात कही. इसके बाद पुलिस वहां से चली गयी.

पुलिस के जाने के बाद घर छोड़कर भागे ससुराल वाले

पूजा का आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद पति और ससुराल के अन्य लोग घर छोड़कर फरार हो गये. इसके बाद वह अपनी बेटी और मायके वालों के साथ वार्ड पार्षद प्रतिनिधि भीम पंडित के दरवाजे पर बैठ गयी और न्याय की गुहार लगाने लगी.

महिला का कहना है कि जब कोर्ट ने उसे ससुराल में रहने का आदेश दिया है, तो उसे पति के घर में सुरक्षित रहने की व्यवस्था करायी जाये.

मंगलसूत्र को लेकर भी विवाद का आरोप

पूजा ने मंगलवार की घटना को लेकर एक और आरोप लगाया है. उसका कहना है कि ससुराल पहुंचने पर उसने पति विवेक कुमार की भाभी प्रमिला देवी को अपना मंगलसूत्र पहने देखा. पूजा के मुताबिक, जब उसने प्रमिला देवी से मंगलसूत्र पहनने के बारे में पूछा, तो उन्होंने उसे छिपाने की कोशिश की. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ.

नौकरी को लेकर भी लगाया आरोप

पूजा ने अपने पति विवेक कुमार और भैंसुर सावन कुमार पर बिजली विभाग में अनुकंपा के आधार पर नौकरी करने का आरोप लगाया है. उसका दावा है कि विवेक के पिता का नाम हरिप्रसाद है, जबकि नौकरी में उसके चाचा राममोहन यादव के नाम का इस्तेमाल किया गया है. हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और यह अलग जांच का विषय है.

फिलहाल पूजा अपनी बेटी और मायके वालों के साथ वार्ड पार्षद प्रतिनिधि के दरवाजे पर बैठी है. उसका आरोप है कि 10 लाख रुपये और फ्लैट की मांग पूरी नहीं होने के कारण उसे प्रताड़ित किया जा रहा है और मानसिक रोगी साबित करने की कोशिश की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >