Patna Cyber fraud: राजधानी पटना में साइबर ठगों द्वारा अधिक मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. बेऊर निवासी प्रभात सिंह से 40 लाख रुपये को छह माह में 90 लाख रुपये बनाने का झांसा देकर 35.90 लाख रुपये की ठगी कर ली गई. पीड़ित ने इस मामले में पटना साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
छह माह में 90 लाख रुपये लौटाने का दिया था झांसा
पीड़ित प्रभात सिंह ने पुलिस को बताया कि रामस्वरूप शर्मा नाम के व्यक्ति ने उन्हें फोन कर निवेश के बदले छह माह में 90 लाख रुपये वापस करने का प्रस्ताव दिया था. ठग ने दावा किया कि 40 लाख रुपये निवेश करने पर निर्धारित अवधि के बाद दोगुने से अधिक राशि वापस कर दी जाएगी.
उसकी बातों पर भरोसा कर प्रभात सिंह ने अलग-अलग चार बैंक खातों में कुल 35.90 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. ठगी की रकम में उनके पिता के खाते से भेजी गई राशि भी शामिल है. रकम ट्रांसफर होने के बाद न तो उन्हें वादा की गई राशि मिली और न ही उनकी मूल रकम वापस हुई. इसके बाद आरोपित ने उनसे सभी तरह का संपर्क समाप्त कर दिया.
साइबर थाने में दर्ज कराया गया मामला
ठगी का अहसास होने पर प्रभात सिंह ने पटना साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित बैंक खातों के विवरण को खंगाला जा रहा है.
बिना डेबिट कार्ड और यूपीआई के खाते से निकले 3.52 लाख रुपये
वहीं, साइबर अपराध का एक अन्य मामला बिहटा से सामने आया है. बिहटा निवासी शशिभूषण सिंह के बैंक खाते से 3.52 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई. हैरानी की बात यह है कि उनके पास न तो कोई डेबिट कार्ड था और न ही उन्होंने अपने खाते में यूपीआई सेवा को सक्रिय किया था.
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके खाते से रुपये निकाले जाने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तुरंत साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस इस मामले की भी तकनीकी जांच कर रही है कि आखिर किस माध्यम से उनके खाते से राशि की निकासी की गई.
साइबर ठगी से बचने के लिए बरतें सावधानी
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निवेश पर असामान्य लाभ के लालच में आकर पैसे ट्रांसफर न करें. किसी भी योजना या निवेश प्रस्ताव की सत्यता की जांच किए बिना रकम भेजने से बचें. इसके अलावा बैंक खाते से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने को दें.
Also Read: बिहार की 1.81 करोड़ महिलाओं के लिए खुशखबरी, 25 जुलाई को खाते में जाएगी राशि, सीएम सम्राट का ऐलान
