Patna News: (नितीश की रिपोर्ट) पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के एलसीटी घाट पर 30 वर्षीय युवक गोपाल कुमार की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई. बुधवार दोपहर एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने उसका शव गंगा नदी से बरामद किया. मृतक मैनपुरा स्थित महंथ हनुमान शरण कॉलेज के समीप का निवासी था और ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था.
जानकारी के अनुसार गोपाल कुमार के डूबने की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने खोजबीन शुरू की. बुधवार करीब 12 बजे उसका शव बरामद कर लिया गया. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक की मां सुनीता देवी ने बताया कि करीब 15 दिन पहले गोपाल का कुछ स्थानीय युवकों के साथ रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था. उनका आरोप है कि रविवार की दोपहर कुछ युवक गोपाल को घर से बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा.सपरिजनों का कहना है कि जिन लोगों के साथ गोपाल गया था, उन्हीं पर हत्या का शक है. हालांकि उन्होंने अब तक किसी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है.
पुलिस ने डूबने से मौत की बात कही
पाटलिपुत्र थानाध्यक्ष अतुलेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला गंगा नदी में स्नान करने के दौरान डूबने का प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि गोपाल अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था और इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. परिजनों की ओर से किसी व्यक्ति के खिलाफ हत्या की लिखित शिकायत नहीं दी गई है. बावजूद इसके पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले की पड़ताल जारी है.
परिवार में मचा कोहराम
युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल बना हुआ है.
Also Read: पटना में सेटेलाइट टाउनशिप का विरोध: भूमि रजिस्ट्री शुरू करने और टाउनशिप योजना वापस लेने की मांग तेज
