Patna News: इंस्टाग्राम पर हथियार दिखाकर मांग रहे थे रंगदारी, बिहटा पुलिस ने दो को दबोचा

बिहटा पुलिस ने इंस्टाग्राम पर हथियार दिखाकर सात लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. दोनों के दया दुबे गैंग से जुड़े होने की आशंका है. पुलिस अन्य बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

Patna News: (मोनु कुमार मिश्रा) बिहटा पुलिस ने सात लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में रविवार को दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में दोनों के कुख्यात दया दुबे गैंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है.

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नौबतपुर निवासी आदित्य कुमार और दरियापुर निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार पीड़िता शोभा देवी ने 22 मई को बिहटा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.

बाइक से पहुंचे बदमाश, हथियार दिखाकर दी धमकी

शिकायत में कहा गया था कि दोनों युवक बाइक से उनके घर पहुंचे और हथियार का भय दिखाकर सात लाख रुपये की रंगदारी मांगी. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों युवक इंस्टाग्राम के जरिए लगातार संपर्क कर धमकी दे रहे थे.

सोशल मीडिया पोस्ट से पुलिस तक पहुंचे आरोपित

शिकायत मिलने के बाद बिहटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. पटना पश्चिमी सिटी एसपी मानु प्रताप सिंह ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपित सोशल मीडिया पर हथियार के साथ तस्वीरें साझा करते थे. पुलिस ने इन्हीं तस्वीरों और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों की पहचान कर गिरफ्तारी की.

गैंग से जुड़े अन्य बदमाशों की तलाश जारी

सिटी एसपी ने बताया कि जांच में दोनों के दया दुबे गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है. गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. फिलहाल दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

Also Read:कैमूर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी में 50 बोतल शराब बरामद; फरार तस्कर की तलाश जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >