ब्लैक आउट होते ही कारोबारी को मारी गोली, पटना में 10 हजार की सुपारी लेकर पहुंचे थे शूटर, STF ने दबोचा

Patna Crime News: पटना में ब्लैक आउट के दौरान मसाला कारोबारी पिंटू कुमार की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. STF ने वारदात में शामिल शूटर को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या साइलेंसर लगी पिस्टल से की गई थी.

Patna Crime News: पटना के सुलतानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर हाट में गुरुवार शाम हुए कारोबारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. STF और पटना पुलिस ने वारदात में शामिल एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की पहचान 25 वर्षीय मसाला व्यवसायी पिंटू कुमार के रूप में हुई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या के लिए शूटर को 10 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे. मुख्य शूटर की उम्र 16 से 18 साल के बीच बताई जा रही है.

ब्लैक आउट का इंतजार कर रहे थे अपराधी

घटना उस समय हुई जब पटना में युद्ध की मॉक ड्रिल को लेकर शाम 7 बजे ब्लैक आउट किया गया था. पूरे इलाके की बिजली काट दी गई थी. कारोबारियों को लगा कि कुछ देर बाद बिजली आ जाएगी, इसलिए किसी ने जेनरेटर नहीं चलाया. इसी अंधेरे का फायदा अपराधियों ने उठाया. पुलिस के अनुसार, हत्यारे पहले से पिंटू कुमार की गद्दी के आसपास मौजूद थे. वे सिर्फ ब्लैक आउट होने का इंतजार कर रहे थे.

साइलेंसर लगी पिस्टल से मारी गोली

ब्लैक आउट होने के ठीक दो मिनट बाद अपराधी पिंटू कुमार के पास पहुंचे. उन्होंने सिर में पिस्टल सटाकर गोली मार दी. पिस्टल में साइलेंसर लगा था, इसलिए गोली की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी. वारदात के बाद दोनों अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर पैदल ही मौके से फरार हो गए.

पिता ने बताई खौफनाक रात

घटना के समय पिंटू कुमार के पिता नेपाली साव भी वहीं मौजूद थे. उन्होंने बताया कि अंधेरा इतना ज्यादा था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था. किसी ने मोबाइल की लाइट तक नहीं जलाई थी. उन्होंने कहा कि गोली चलने की आवाज भी सुनाई नहीं दी. जब पिंटू चीखा, तब लोगों को कुछ समझ आया. इसके बाद लोग दौड़कर उसकी गद्दी तक पहुंचे.

अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

घायल पिंटू कुमार को तुरंत पीएमसीएच ले जाया गया. लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.

पुलिस जल्द करेगी बड़ा खुलासा

पटना पुलिस और STF लगातार मामले की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि पुलिस जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करेगी. वहीं, परिजनों ने सभी अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है.

Also Read: बिहार के इंजीनियर के कई ठिकानों पर EOU की रेड, पटना फ्लैट से 40 लाख कैश बरामद, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >