रेड पड़ते ही खिड़की से फेंके नोटों के बंडल, कचरे से मिले 5 लाख, पटना में स्वास्थ्य अधिकारी के घर से 15 लाख बरामद

Bihar News: पटना में आय से अधिक संपत्ति के मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पंकज कुमार के ठिकानों पर विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने छापेमारी की. रेड के दौरान कथित तौर पर खिड़की से फेंके गए नोटों के बंडल भी बरामद हुए हैं. जांच में अबतक 15 लाख कैश जब्त किए गए हैं.

Bihar News: पटना में स्वास्थ्य विभाग के एक बड़े अधिकारी के यहां विशेष निगरानी इकाई (SVU) की छापेमारी से हड़कंप मच गया. छापेमारी के दौरान अधिकारी पंकज कुमार ने कथित तौर पर खिड़की से नोटों के बंडल बाहर फेंक दिए. टीम ने कचरे के ढेर से करीब 5 लाख रुपये बरामद किए हैं. अब तक की कार्रवाई में कुल 15 लाख रुपये नकद, 1 करोड़ 31 लाख रुपए का हीरा,सोना और चांदी के जेवरात जब्त किए जा चुके हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और बरामदगी की रकम बढ़ सकती है.

तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

विशेष निगरानी इकाई ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पंकज कुमार के तीन ठिकानों पर छापेमारी की है. इनमें उनके दो घर और एक कार्यालय शामिल हैं. पंकज कुमार बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी BMSICL में डीजीएम (प्रोजेक्ट) के पद पर तैनात हैं.

सुबह-सुबह टीम ने मारा छापा

SVU की टीम गुरुवार सुबह करीब 8 बजे पटना के कदमकुआं इलाके स्थित कनिका मैहर अपार्टमेंट पहुंची. उस समय पंकज कुमार अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे. छापेमारी शुरू होते ही टीम ने पूरे घर की तलाशी ली. इसी दौरान नकदी और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए.

96 लाख से ज्यादा की अवैध संपत्ति का आरोप

जांच एजेंसी का आरोप है कि पंकज कुमार ने अपनी सेवा अवधि के दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है. निगरानी इकाई के अनुसार उन्होंने करीब 96 लाख 46 हजार रुपये से अधिक की ऐसी संपत्ति बनाई है, जो उनकी वैध आय से कहीं ज्यादा है. छापेमारी में कैश, गहने, जमीन से जुड़े दस्तावेज और अन्य कीमती सामान भी मिले हैं. पत्नी के नाम पटना में तीन फ्लैट हैं.

BMSCIL दफ्तर में भी जांच

SVU की टीम ने पटना स्थित BMSCIL के कार्यालय में भी जांच शुरू की है. पांच सदस्यीय टीम दस्तावेजों और फाइलों को खंगाल रही है. इस टीम का नेतृत्व राजकुमार कर रहे हैं.

कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

इस मामले में विशेष न्यायाधीश, निगरानी कोर्ट पटना की ओर से तलाशी वारंट जारी किया गया था. उसी के आधार पर गुरुवार को यह छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई. छापेमारी दल का नेतृत्व संजय वर्मा कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि पंकज कुमार के तीनों ठिकानों पर जांच अभी जारी है.

सहायक अभियंता से बने डीजीएम

जानकारी के मुताबिक पंकज कुमार की नियुक्ति सहायक अभियंता के रूप में हुई थी. करीब 11 वर्षों की सेवा के दौरान उन्होंने कई पदों पर काम किया. जांच में यह भी सामने आया है कि पटना समेत कई जगहों पर उनके और उनके परिवार के नाम पर जमीन और फ्लैट हैं. इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 39 लाख रुपये बताई जा रही है.

Also Read: पटना हॉस्टल कांड: कोर्ट का CBI से सवाल- पीड़िता का मोबाइल कहां है? हॉस्टल मालिक की जमानत पर फैसला सुरक्षित

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >