पटना सिटी से अमिताभ श्रीवास्तव
Patna News: पटना सिटी में सरकारी दवा की खेप ले जा रहे एक ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद होने से हड़कंप मच गया. उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ट्रक से 400 कार्टन बीयर जब्त की है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद मद्य निषेध निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित एनएच के किनारे एक पेट्रोल पंप पर खड़े हरियाणा नंबर के ट्रक पर छापेमारी की.
400 कार्टन बीयर और सरकारी दवा मिली
जांच के दौरान ट्रक के अंदर सरकारी दवाओं की खेप मिली, जिस पर “Bihar Government Supply, Not For Sale” लिखा हुआ था. इसी ट्रक में छिपाकर रखी गई 400 कार्टन बीयर भी बरामद की गई. अधिकारियों के अनुसार, कुल 9,600 कैन यानी लगभग 4,800 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है.
Patna News: 15 लाख रुपये की बताई जा रही कीमत
उत्पाद विभाग के अनुसार, जब्त की गई अंग्रेजी शराब की बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है. विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि सरकारी दवा की आड़ में शराब की तस्करी कहां से की जा रही थी और इसका नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा है.
जांच में जुटी उत्पाद विभाग की टीम
छापेमारी दल में दारोगा सोनम कुमारी, एसआई अजीत पटेल, डब्ल्यू कुमार, विनीता कुमारी, सिपाही अभिजीत, सुरेंद्र, प्रदीप और संदीप शामिल थे. फिलहाल ट्रक, सरकारी दवा और बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है. उत्पाद विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है और तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है.
