पटना में तीन दिन से लापता नाबालिग बेहोशी की हालत में मिली, शादीशुदा ऑटो चालक गिरफ्तार

Patna Crime News : पटना के गर्दनीबाग इलाके से तीन दिन से लापता 14 वर्षीय छात्रा बेहोशी की हालत में बरामद हुई. मामले में शादीशुदा ऑटो चालक शमशाद आलम को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पीड़िता के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.

पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
Patna Crime News : गर्दनीबाग थाना क्षेत्र से तीन दिनों से लापता एक नाबालिग छात्रा बेहोशी की हालत में एक ऑटो से बरामद की गई. परिजनों ने ऑटो चालक शमशाद आलम को मंदिरी नाले के पास पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. बेहोशी की हालत में मिली छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.

स्कूल जाने के दौरान हुई थी लापता

जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय छात्रा एक सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा है और अपने परिवार के साथ गर्दनीबाग इलाके में रहती है. उसी मोहल्ले में रहने वाला 21 वर्षीय ऑटो चालक शमशाद आलम, जो मूल रूप से वैशाली का निवासी है, छात्रा को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. आरोपी शादीशुदा है और उसकी एक बच्ची भी है. तीन दिन पहले छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने चार जुलाई को गर्दनीबाग थाना में इसकी सूचना दी.

बेहोशी की हालत में ऑटो से मिली छात्रा

इसी बीच परिजनों ने तारामंडल के पास एक ऑटो में छात्रा को बेहोशी की हालत में देखा. उन्होंने ऑटो का पीछा किया और मंदिरी नाले के पास चालक शमशाद आलम को पकड़ लिया. छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया. परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने तीन दिनों तक छात्रा के साथ दुष्कर्म किया, जिसके कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई. फिलहाल छात्रा का इलाज आयकर गोलंबर के समीप स्थित एक अस्पताल में चल रहा है. पुलिस उसके बयान का इंतजार कर रही है.

आरोपी ने मंदिर में शादी करने का किया दावा

पूछताछ के दौरान आरोपी शमशाद आलम ने पुलिस को बताया कि उसने छात्रा से मैनपुरा स्थित एक मंदिर में शादी कर ली है. पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी दूसरे धर्म की है.

एफएसएल जांच और पुलिस कार्रवाई जारी

पुलिस ने छात्रा को जिस स्थान पर रखा गया था, वहां एफएसएल टीम से जांच कराई है. सचिवालय डीएसपी अनु कुमारी ने बताया कि चार जुलाई को नाबालिग के अपहरण की सूचना मिलने के बाद मामला दर्ज कर सभी थानों को अलर्ट किया गया था. कोतवाली थाना के सहयोग से छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: कभी शराबियों की गली कहलाने वाली यह जगह, अब शिक्षा और कारोबार का नया हब बन गई है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >