दुकानदार की करंट लगने से मौत पर कादिरगंज बाजार में पसरा मातम, दुकानें बंद कर निकाला कैंडल मार्च

कादिरगंज बाजार में मिठाई दुकानदार अमित कुमार की करंट लगने से हुई मौत से पूरा बाजार सकते में है. बुधवार को दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखकर शोक व्यक्त किया और कैंडल मार्च निकालकर मृतक को श्रद्धांजलि दी.

Patna News : मसौढ़ी के धनरूआ प्रखंड के कादिरगंज थाना क्षेत्र स्थित बाजार में मिठाई दुकानदार अमित कुमार की मंगलवार देर शाम अपनी ही दुकान में करंट लगने से हुई मौत के बाद बुधवार को पूरा बाजार शोक में डूबा रहा. युवा दुकानदार की असमय मौत से मर्माहत बाजार के दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखकर शोक जताया और अमित कुमार को श्रद्धांजलि दी. शाम को दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

करंट लगने से हुई थी युवा दुकानदार की मौत

जानकारी के अनुसार, कल्लू गुप्ता के पुत्र अमित कुमार कादिरगंज बाजार में मिठाई की दुकान चलाते थे. मंगलवार देर शाम दुकान में काम करने के दौरान उन्हें करंट लग गया. गंभीर हालत में उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो गयी. घटना की खबर फैलते ही बाजार के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गयी.

पूरे दिन बंद रहीं दुकानें, बाजार की गतिविधियां रहीं ठप

अमित कुमार की मौत से मर्माहत दुकानदारों ने बुधवार को एकजुट होकर अपनी दुकानें बंद रखीं. सुबह से ही बाजार की अधिकांश गतिविधियां ठप रहीं. दुकानदारों ने कहा कि अमित कुमार मिलनसार, मेहनती और व्यवहार कुशल युवक थे. उनकी असमय मौत से पूरे बाजार को गहरा आघात पहुंचा है.

हाथों में मोमबत्ती लेकर निकले दुकानदार और ग्रामीण

बुधवार शाम बड़ी संख्या में दुकानदार और स्थानीय लोग हाथों में मोमबत्तियां लेकर कादिरगंज बाजार के मुख्य मार्ग पर निकले. कैंडल मार्च बाजार के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरा. इस दौरान लोगों ने अमित कुमार की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

विपरीत परिस्थिति में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा

श्रद्धांजलि सभा में दुकानदारों ने कहा कि कादिरगंज बाजार में आपसी भाईचारे और एकजुटता की मजबूत परंपरा रही है. किसी दुकानदार के सामने विपरीत परिस्थिति आने पर सभी एकजुट होकर उसके परिवार के साथ खड़े होते हैं. अमित कुमार की मौत से बाजार के सभी दुकानदारों को गहरा दुख पहुंचा है. लोगों ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया.

मौके पर पंचायत समिति सदस्य मंटू कुमार, मुखिया अनिल कुमार, कौशल कुमार, मिथिलेश कुमार, शिवराज कुमार, संतोष कुमार समेत बड़ी संख्या में दुकानदार, ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >