Khesari Lal Yadav On Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार की राजनीति गरमाई हुई है. भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज ने प्रशांत किशोर और राजद ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है. इसी बीच भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का बयान चर्चा में आ गया है.
पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान खेसारी ने प्रशांत किशोर की खुलकर तारीफ की. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि वह किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं कर रहे हैं.
'प्रशांत भैया मुझे शुरू से पसंद हैं'
खेसारी लाल यादव ने कहा कि प्रशांत भैया मुझे शुरू से अच्छे लगते हैं. वे मुझे पसंद हैं. वे पढ़े-लिखे इंसान हैं और उनके पास बिहार के भविष्य का विजन है. उन्होंने कहा कि विधानसभा में ऐसे व्यक्ति की जरूरत है जो बच्चों की पढ़ाई, युवाओं के रोजगार और आम लोगों के मुद्दों की लड़ाई लड़ सके.
'मैं किसी पार्टी का समर्थन नहीं कर रहा'
खेसारी ने कहा कि उनके बयान को किसी राजनीतिक दल के समर्थन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि मैं किसी पार्टी का समर्थन नहीं कर रहा हूं. मैं सिर्फ इतना कह रहा हूं कि हमें एक बेहतर इंसान चुनना चाहिए. जैसे घर का गार्जियन अच्छा होगा, वैसे ही बच्चों का भविष्य भी अच्छा होगा. नेता भी समाज का गार्जियन होता है.
'प्रशांत किशोर को एक मौका मिलना चाहिए'
खेसारी ने आगे कहा कि लोगों ने अब तक कई नेताओं को मौका दिया है. अब एक ऐसे व्यक्ति को भी मौका मिलना चाहिए, जिसके पास राज्य के विकास का स्पष्ट रोडमैप हो. उन्होंने कहा कि मेरी शुभकामनाएं प्रशांत भैया के साथ हैं. उन्हें जीतना चाहिए. उनके पास बिहार को लेकर बेहतर विजन और रोडमैप है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
'पढ़े-लिखे लोगों को चुनिए'
खेसारी ने कहा कि प्रशांत किशोर ने दुनिया देखी है और उनके पास विकास की सोच है. उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि मैं अपनी लोकप्रियता के दम पर नेता बन सकता हूं, लेकिन मैं इतना पढ़ा-लिखा नहीं हूं. मेरे पास कोई रोडमैप नहीं है. इसलिए राजनीति में पढ़े-लिखे और समझदार लोगों को आगे आना चाहिए.
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्मार्ट लोगों को चुनिए, खुद भी स्मार्ट बनिए. तभी समाज और बिहार आगे बढ़ेगा.
लालू यादव के स्वास्थ्य पर भी जताई चिंता
बातचीत के दौरान खेसारी लाल यादव ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को नतीजे
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को वोटिंग होगी, जबकि 3 अगस्त को नतीजे घोषित किए जाएंगे. ऐसे में चुनावी माहौल के बीच खेसारी लाल यादव का यह बयान भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है.
Also Read: बांकीपुर उपचुनाव: तेज प्रताप ने बढ़ाया सस्पेंस, आखिर किसे देंगे अपना समर्थन?
