पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna News : दानापुर कैंट का जवान बनकर साइबर ठगों ने पटना के भिखारीपुर स्थित एसआर फ्यूल स्टेशन के संचालक शंभू कुमार सिन्हा से 1.16 लाख रुपये की ठगी कर ली. मामले को लेकर पीड़ित ने पटना साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है.
डीजल खरीदने के बहाने बनाया झांसा
शिकायत के अनुसार एक व्यक्ति ने खुद को दानापुर कैंट का जवान बताते हुए पेट्रोल पंप पर डीजल खरीदने के लिए फोन किया. भरोसा दिलाने के लिए उसने अपने कथित वरिष्ठ अधिकारी संदीप रावत से भी बात कराई. इसके बाद ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया का झांसा देकर पेट्रोल पंप के बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 1,16,056 रुपये निकाल लिए.
मोबाइल नंबर और लेनदेन का विवरण पुलिस को सौंपा
पीड़ित ने बताया कि ठग ने संजय सिंह नाम का इस्तेमाल किया. शिकायत में दोनों कथित व्यक्तियों के मोबाइल नंबर, बैंक खाते से हुई संदिग्ध निकासी का विवरण, ट्रांजैक्शन आईडी और यूटीआर नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है. पटना साइबर थाना ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मोबाइल नंबरों, बैंक लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
