पटना: बहपुरा बाजार में वर्चस्व की साजिश नाकाम, कारबाइन-कट्टा व 34 कारतूस के साथ पांच अपराधी गिरफ्तार

बिहटा पुलिस ने बहपुरा बाजार में हथियार के बल पर वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश कर रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से कारबाइन, कट्टा और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं. पुलिस का मानना है कि वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे.

Patna Crime News : पटना जिले के बिहटा के बहपुरा बाजार में हथियार के बल पर वर्चस्व कायम करने की कोशिश कर रहे अपराधियों के खिलाफ बिहटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से एक देशी कारबाइन, एक देशी कट्टा, 34 जिंदा कारतूस, 44 खोखा, चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 300 एमएल विदेशी शराब बरामद की गई है. पुलिस का दावा है कि आरोपित किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे थे.

शराब पार्टी के दौरान पुलिस ने कार्रवाई की

पुलिस के अनुसार, बहपुरा बाजार में पिछले कुछ समय से कुछ युवक अवैध हथियारों के दम पर स्थानीय लोगों में दहशत फैला रहे थे. बाजार में अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन किया जाता था. रविवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि सनराइज सिटी कार्यालय के समीप पांच युवक शराब पार्टी कर रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर दानापुर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में बिहटा थाना की विशेष टीम ने घेराबंदी कर पांचों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर छिपाकर रखे गए हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए.

मनेर के रहने वाले हैं सभी आरोपित

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के मोला निवासी रोशन कुमार (19), हिमांशु कुमार उर्फ सोनू कुमार (21), सुजीत कुमार (19), शशि कुमार (23) और धीरज कुमार (22) के रूप में हुई है. सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

तीन आरोपितों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में सामने आया है कि हिमांशु उर्फ सोनू कुमार, रोशन कुमार और धीरज कुमार के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी एक्ट समेत कई गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं. पुलिस इनके आपराधिक इतिहास के साथ-साथ इनके अन्य साथियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है.

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

इस संबंध में बिहटा थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आर्म्स एक्ट तथा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरफ्तार आरोपित किसी संगठित अपराधी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं.

इसे भी पढ़ें: 45 हजार वोट पाने वाली रेखा गुप्ता पर तेजस्वी को भरोसा, बांकीपुर में किया जीत का दावा



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Monu Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >