Patna Trust Embezzlement: स्कंद माता रिसर्च एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की राशि के गबन, धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. इस संबंध में अभियंता नगर रंजन पथ स्थित श्रेयस गार्डन फ्लैट संख्या-207 निवासी एवं ट्रस्ट की संस्थापक सह अध्यक्ष पूनम सिंह ने रूपसपुर थाना में ट्रस्ट के सचिव, उनके भाई, भतीजा समेत अन्य ट्रस्टियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है.
वर्ष 2016 से संचालित हो रहा है बीएड कॉलेज
दर्ज प्राथमिकी में पूनम सिंह ने बताया है कि वर्ष 2015-16 में उन्होंने अपनी निजी संपत्ति से ट्रस्ट की भूमि पर बिहटा में शिवपरी टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज का निर्माण कराया था. वर्ष 2016 से यहां बीएड तथा वर्ष 2018 से डीएलएड पाठ्यक्रम का संचालन किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया है कि ट्रस्ट के सचिव बीके सिंह, ट्रस्टी एस देवी, सचिव के भाई, भतीजा समेत अन्य ट्रस्टियों ने वर्ष 2016 से 2024 के बीच गंभीर वित्तीय अनियमितताएं की हैं. आरोप है कि छात्रों से प्राप्त शुल्क की राशि का गबन किया गया तथा नगद निकासी में हेराफेरी करते हुए ट्रस्ट को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई.
विरोध करने पर पुत्र पर जानलेवा हमले का आरोप
पूनम सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र नवीन सिंह ने जब वित्तीय अनियमितताओं का विरोध किया तो आरोपितों ने उन पर जानलेवा हमला कराया. उन्होंने बताया कि नौ जुलाई को उनका पुत्र बिहटा कॉलेज से लौट रहा था, तभी आरोपितों ने उस पर हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. इस संबंध में बिहटा थाना में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी. घटना के बाद से पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
रूपसपुर थाना पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है. जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: बिहार की 1.81 करोड़ महिलाओं के लिए खुशखबरी, 25 जुलाई को खाते में जाएगी राशि, सीएम सम्राट का ऐलान
