पटना में बनेंगे हाईटेक ग्रीन बस स्टॉप,मिलेगी डिजिटल बोर्ड और एनाउंसमेंट जैसी सुविधा

Patna News: पटना के 14 प्रमुख मार्गों पर 50 अत्याधुनिक ग्रीन बस स्टॉप बनाने की योजना तैयार की जा रही है. इन बस स्टॉप पर यात्रियों को रेलवे स्टेशन जैसी डिजिटल सुविधाएं मिलेंगी, जिससे शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक आधुनिक और सुविधाजनक बनने की उम्मीद है.

Patna News: बिहार की राजधानी पटना के सार्वजनिक परिवहन में एक क्रांतिकारी बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है. शहर की सड़कों पर अब यात्रियों को धूप और धूल में बसों का इंतजार नहीं करना होगा.

पटना के 14 प्रमुख मार्गों पर 50 अत्याधुनिक ‘ग्रीन बस स्टॉप’ बनाने की योजना को हरी झंडी मिल गई है. ये बस स्टॉप न केवल यात्रियों को छाया प्रदान करेंगे, बल्कि यहां रेलवे स्टेशनों की तरह डिजिटल बोर्ड पर बसों के आगमन और प्रस्थान की सटीक जानकारी भी मिलेगी.

डिजिटल बोर्ड बताएंगे बस का सही समय

नये बस स्टॉप पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर बसों के रूट, आगमन और प्रस्थान समय की सटीक जानकारी मिलेगी.

इसके साथ ही एनाउंसमेंट सिस्टम भी लगाया जाएगा, जिससे बस आने से करीब आधा घंटा पहले यात्रियों को सूचना मिल सकेगी. इससे यात्रियों को अनिश्चित इंतजार से राहत मिलेगी.

टिकट से लेकर सुरक्षा तक सब कुछ स्मार्ट

इन बस स्टॉप पर क्यूआर कोड आधारित टिकट व्यवस्था होगी, जिससे यात्री खुद ही टिकट ले सकेंगे. सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. सोलर पैनल के जरिए बिजली आपूर्ति की योजना है, जिससे ऊर्जा की बचत होगी और बस स्टॉप पर्यावरण के अनुकूल बनेंगे.

सरकार की योजना है कि पहले चरण में पटना में इन बस स्टॉप का निर्माण किया जाए. इसके बाद राज्य के अन्य बड़े शहरों में कुल 500 ग्रीन बस स्टॉप विकसित किये जाएंगे. फिलहाल विभिन्न मार्गों पर सर्वेक्षण किया जा रहा है, जिसके आधार पर अंतिम स्थान तय होंगे.

पुराने बस स्टॉप का अनुभव बना चुनौती

शहर में पहले भी स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कई बस स्टॉप बनाए गए थे, लेकिन रखरखाव की कमी से वे बेकार हो गये. कई जगह डिस्प्ले बोर्ड बंद पड़े हैं, लाइटें खराब हैं और शेड टूट चुके हैं. कुछ स्थानों पर अवैध कब्जा भी हो गया है, जिससे यात्रियों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिल पाई.

नई परियोजना में केवल निर्माण ही नहीं, बल्कि रखरखाव और निगरानी व्यवस्था पर भी जोर दिया जा रहा है. प्रशासन का मानना है कि इस बार तकनीक के साथ प्रबंधन सुधार कर बस स्टॉप को सचमुच उपयोगी बनाया जाएगा.

Also Read: ‘छठी मैया का आशीर्वाद मिल रहा’, ईशान किशन की शानदार पारी देख पिता ने ऐसे जाहिर की खुशी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >