Nawada News : रोह थाना क्षेत्र के मेन रोड स्थित पावर हाउस के समीप गुरुवार की अहले सुबह सड़क दुर्घटना में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से होने की बात सामने आ रही है. मृतक की पहचान मनियोचक गांव निवासी उमेश यादव उर्फ गुरन के 18 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक की पहचान इसी गांव के राजेश यादव के 18 वर्षीय पुत्र मंजीत कुमार के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, अंकित कुमार और मंजीत कुमार दोनों अहले सुबह पढ़ने के लिए घर से निकले थे. दोनों पैदल जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनका एक दोस्त बाइक से मिला. इसके बाद दोनों उसके साथ बाइक पर सवार होकर आगे जाने लगे. बताया जाता है कि बाइक पर कुल तीन युवक सवार थे. इसी दौरान पावर हाउस के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक पर पीछे बैठे अंकित और मंजीत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया.
112 पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल युवकों को रोह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
नवादा सदर अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल अंकित कुमार को बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया. परिजन उसे इलाज के लिए पावापुरी लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. वहीं मंजीत कुमार का इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
अंकित कुमार अपने परिवार का इकलौता बेटा था. उसके परिवार में एक भाई और एक बहन हैं. पढ़ाई के लिए घर से निकले अंकित की सड़क हादसे में अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद मनियोचक गांव में भी मातम पसरा हुआ है.
Also Read : बेगूसराय में गंगा जी में स्नान के दौरान डूबा 10 वर्षीय बालक, तलाश में जुटे गोताखोर
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
अंकित की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.
Also Read : एनपीएस सोनमा में पौधरोपण कार्यक्रम, बच्चों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
रोह थानाध्यक्ष राहुल अभिषेक ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था. दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था. गंभीर रूप से घायल अंकित कुमार को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन पावापुरी ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है.
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी यातायात थाना, नवादा में दर्ज की गई है.
Also Read : बेगूसराय में कार्बन क्रेडिट से किसानों की आय बढ़ाने की पहल, आईआईटी रूड़की के विशेषज्ञों ने किया अध्ययन
