Nawada News : नारदीगंज थाना क्षेत्र के इचुआ गांव में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान नंदपुर गांव निवासी स्व. कुलो मांझी के 30 वर्षीय पुत्र मुंद्रिका मांझी के रूप में हुई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है.
ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाया पिटाई का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि इचुआ गांव में शराब के धंधे में संलिप्त लोगों के विरुद्ध पुलिस टीम छापेमारी के लिए पहुंची थी. इसी दौरान नंदपुर गांव के मुंद्रिका मांझी वहां बैठकर शराब पी रहा था. आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पुलिसकर्मी वहां से चले गए. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
थानाध्यक्ष बोले- छापेमारी की सूचना नहीं, मामले की होगी जांच
इधर, थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है, जिसके बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस की पिटाई से मौत की कोई सूचना नहीं है. उनके अनुसार, नारदीगंज थाना की पुलिस इचुआ गांव में छापेमारी के लिए नहीं गई थी, बल्कि वनगंगा क्षेत्र में गश्ती कर रही थी. उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच करेगी.
