मोटर खराब होने से तीन दिनों से जलापूर्ति ठप, 1400 उपभोक्ता परेशान

गोविंदपुर में गहराया पेयजल संकट, महिलाओं की बढ़ी परेशानी

फोटो कैप्शन – गोविंदपुर में स्थापित जलमीनार गोविंदपुर में गहराया पेयजल संकट, महिलाओं की बढ़ी परेशानी प्रतिनिधि, गोविंदपुर गोविंदपुर क्षेत्र में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचइडी) की ओर से सकरी नदी किनारे स्थापित 50 हजार गैलन क्षमता वाले जलमीनार से पिछले तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है. बुधवार की संध्या जलमीनार की मोटर में तकनीकी खराबी आने के बाद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे वार्ड संख्या तीन, चार, सात, आठ व नौ के लगभग 1400 कनेक्शनधारी उपभोक्ता गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं. पेयजल आपूर्ति बंद होने से लोगों के समक्ष दैनिक उपयोग के पानी की भारी समस्या उत्पन्न हो गयी है. सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है. घरों में खाना बनाने, बर्तन धोने, कपड़ा साफ करने समेत अन्य घरेलू कार्य प्रभावित हो गये हैं. इस जलमीनार के पानी का उपयोग अधिकांश लोग पीने के लिए भी करते हैं, जिससे लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, जब जलमीनार की व्यवस्था चरमरायी हो. इससे पहले मार्च महीने में भी मोटर में खराबी आने के कारण करीब 10 दिनों तक जलापूर्ति बाधित रही थी. उस समय भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था. अब एक बार फिर मोटर खराब होने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ने लगी है. ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर बनाये गये जलमीनार का समुचित रखरखाव नहीं होने के कारण आये दिन तकनीकी खराबियां उत्पन्न हो रही हैं. यदि समय रहते मरम्मत और निगरानी की व्यवस्था की जाती, तो इतनी बड़ी आबादी को जल संकट का सामना नहीं करना पड़ता. क्या कहते हैं अभियंता इधर, पीएचइडी विभाग के कनीय अभियंता (जेइ) संजीत कुमार ने बताया कि जलमीनार की मोटर खराब होने की सूचना प्राप्त हुई है. मोटर को शीघ्र दुरुस्त कराने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिया गया है. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मोटर ठीक करने के लिए मैकेनिकल भेजा जायेगा. अभी गर्मी का मौसम है. इसको जल्द ही चालू कराने के लिए प्रयास किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Javed najaf

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >