नियंत्रित प्रवेश व्यवस्था से पर्यटकों को मिला आरामदायक स्नान और बेहतर सुरक्षा का अनुभव
नवादा नगर.
गोविंदपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ककोलत जलप्रपात में प्रशासन द्वारा लागू की गयी नयी व्यवस्था का व्यापक असर दिखने लगा है. वर्षों से अव्यवस्था और भीषण भीड़ की समस्या झेल रहे इस स्थल पर अब पर्यटकों को काफी राहत मिल रही है. बुधवार से लागू संशोधित प्रवेश एवं पार्किंग शुल्क व्यवस्था के बावजूद पर्यटकों के उत्साह में कोई कमी नहीं आयी है, बल्कि सुव्यवस्थित प्रबंधन के कारण लोगों ने बेहतर अनुभव साझा किया.
नयी शुल्क व्यवस्था और सुरक्षा मानक लागू
प्रशासन ने 21 मई से ककोलत में नयी व्यवस्था प्रभावी कर दी है. इससे पूर्व अधिकारियों ने जलप्रपात का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की थी. पर्यटकों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन अधिकतम 8000 पर्यटकों के प्रवेश की सीमा तय की गयी है. इसके कारण पूरे दिन स्थिति नियंत्रित और सामान्य बनी रही.
भीड़ पर नियंत्रण, पर्यटकों को राहत
गुरुवार को टिकट काउंटर बंद होने तक 6900 टिकटों की बिक्री हुई, जबकि बच्चों सहित करीब 7000 पर्यटक ककोलत पहुंचे. सबसे बड़ी राहत यह रही कि कुंड में स्नान के दौरान धक्का-मुक्की और अत्यधिक भीड़ की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई. प्रशासन की ओर से कुंड क्षेत्र में सीमित संख्या में लोगों को भेजा जा रहा है तथा ठहराव की अवधि भी निर्धारित की गयी है. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के कारण अब ककोलत में पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और पर्यटन अनुकूल माहौल दिख रहा है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.