जमीन रजिस्ट्री के नये नियम 15 मई से होंगे लागू, बिना जमाबंदी नहीं बिकेगी भूमि

Nawada News. बिहार में जमीन रजिस्ट्री की प्रक्रिया को पारदर्शी और विवादमुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों को लागू करने की तैयारी नवादा में तेज हो गयी है.

अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षणपैतृक संपत्ति की बिक्री के लिए अब आपसी बंटवारा और वंशावली अनिवार्य

प्रतिनिधि, नवादा नगर

बिहार में जमीन रजिस्ट्री की प्रक्रिया को पारदर्शी और विवादमुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों को लागू करने की तैयारी नवादा में तेज हो गयी है. आगामी 15 मई से पूरे राज्य के साथ जिले में भी यह नयी व्यवस्था प्रभावी हो जायेगी. इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी गयी है और 24 अप्रैल को जिले के सभी अंचल अधिकारियों व राजस्व कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है. प्रभारी अंचल अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि नये नियमों के तहत अब जमीन बेचने वाले व्यक्ति के नाम पर स्पष्ट और अद्यतन (अपडेट) जमाबंदी होना अनिवार्य है. यदि किसी व्यक्ति के नाम पर वैध जमाबंदी नहीं होगी, तो उस जमीन की रजिस्ट्री किसी भी स्थिति में संभव नहीं होगी. इस कदम से भू-फर्जीवाड़ा और एक ही जमीन को कई बार बेचे जाने जैसी अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगने की उम्मीद है.

पैतृक संपत्ति के लिए वंशावली जरूरी

नये प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति अपनी पैतृक संपत्ति बेचना चाहता है, तो उसे पहले परिवार के सदस्यों के बीच आपसी सहमति से बंटवारा करना होगा या वैध वंशावली तैयार करनी होगी. इसके आधार पर विक्रेता के नाम पर अलग जमाबंदी दर्ज की जाएगी, तभी वह जमीन बेच पायेगा. राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे वंशावली निर्माण की प्रक्रिया को पारदर्शी रखें ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो.

दाखिल-खारिज के निबटारे में तेजी

जमीन मालिकों की जमाबंदी समय पर अपडेट हो सके, इसके लिए विभाग ने दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया है. विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जायेगी. अब रजिस्ट्री कार्यालयों में हर दस्तावेज की गहन जांच की जा रही है, जिससे खरीदारों को धोखाधड़ी से सुरक्षा मिलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >