ड्राइवर को बंधक बनाकर ट्रक लूटने वाला अंतरराज्यीय अपराधी कोडरमा से गिरफ्तार

झारखंड के कोडरमा के डोमचांच थाना के बंगाई काला तेतरडीह का रहने वाला है आरोपित

बुधौल के पास हुई थी लूट की वारदात, नगर थाने की पुलिस ने की कार्रवाई

कोडरमा के डोमचांच थाने के बंगाई काला तेतरडीह का रहने वाला है सूरज प्रतिनिधि, नवादा कार्यालयराष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर ट्रक लूट की वारदात को अंजाम देने वाले और पिछले करीब एक वर्ष से फरार चल रहे अंतरराज्यीय अपराधी को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है. यह अपराधी अपने साथियों के साथ हथियारों के बल पर ट्रक चालकों को बंधक बनाकर लूटपाट करता था. सदर एसडीपीओ-1 हुलास कुमार ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के बुधौल के पास बोकारो से सरिया लादकर पटना जा रहे एक ट्रक को छह अपराधियों ने मिलकर लूटा था. इस दौरान चालक को बंधक बना लिया गया था. इस कांड में संलिप्त बिहार और झारखंड के पांच अपराधियों को नवादा पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. गिरोह का मुख्य सरगना सूरज कुमार तभी से फरार चल रहा था.

झारखंड के कोडरमा से हुई गिरफ्तारी

एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर गठित एसआइटी और डीआइयू की टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना अंतर्गत बंगाई काला तेतरडीह गांव में छापेमारी की. वहां से आरोपित सूरज कुमार, पिता शिव प्रसाद सिंह को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपित नगर थाना कांड संख्या 775/25 में मुख्य अभियुक्त है और पिछले कई महीनों से गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था.

खंगाला जा रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने ट्रक लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी अन्य घटना में उसकी संलिप्तता पायी जाती है, तो उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जायेगी. फिलहाल, कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. इस गिरफ्तारी से नेशनल हाइवे पर सक्रिय लुटेरों के गिरोह को बड़ा झटका लगा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Manoj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >