किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किया जागरूक

साधो लाल आर्य कन्या इंटर विद्यालय में अभिभावक संगोष्ठी, किशोरियों को दी स्वास्थ्य सुरक्षा की जानकारी

प्रतिनिधि, अकबरपुर अकबरपुर प्रखंड स्थित साधो लाल आर्य कन्या इंटर विद्यालय में सोमवार को किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण अभिभावक संगोष्ठी आयोजित की गयी. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 14 से 15 वर्ष की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करना था. संगोष्ठी में विद्यालय की छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी रही. उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों व विशेषज्ञों ने अभिभावकों को बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली एक खतरनाक लेकिन पूरी तरह से रोकी जा सकने वाली बीमारी है. यह मुख्य रूप से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) संक्रमण के कारण होता है, जिससे बचाव के लिए समय पर टीकाकरण अत्यंत जरूरी है. विशेषज्ञों ने बताया कि किशोरावस्था में ही इस टीके का लगना सबसे प्रभावी होता है, जिससे भविष्य में इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बच्चियों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और टीकाकरण को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति को दूर करें. कार्यक्रम के दौरान कई अभिभावकों ने अपने सवाल भी रखे, जिनका स्वास्थ्यकर्मियों ने सरल तरीके से जवाब दिया. संगोष्ठी के बाद विद्यालय परिसर में ही कई छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका भी लगाया गया. टीकाकरण को लेकर छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला. विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ अनिल कुमार ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन समय-समय पर किया जाएगा, ताकि छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती रहें और वे सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें. यह संगोष्ठी न केवल छात्राओं बल्कि उनके अभिभावकों के लिए भी जागरूकता का एक प्रभावी माध्यम साबित हुई, जिससे समाज में महिला स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >