Nawada Jansunwai: बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत संचालित 'सबका सम्मान-जीवन आसान' अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को नवादा जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की गई. जिला समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने की.
42 शिकायतें हुईं दर्ज, कई का मौके पर हुआ समाधान
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने कुल 42 शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत किए. जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए कई शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया, जबकि शेष मामलों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया.
भूमि, बिजली और दाखिल-खारिज से जुड़े मामले रहे प्रमुख
जनसुनवाई में बिजली के पोल एवं तार लगाने, भूमि मापी, आवास के लिए भूमि उपलब्ध कराने, दाखिल-खारिज सहित विभिन्न जनसमस्याएं सामने आईं. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
जिलेभर में पंचायत से अनुमंडल स्तर तक हुई जनसुनवाई
जिला प्रशासन की ओर से पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर पर भी जनसुनवाई आयोजित की गई. इस दौरान आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके.
Also Read: नवादा में लंबित योजनाओं पर डीएम सख्त, मुआवजा भुगतान और निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश
