नवादा नगर थाना क्षेत्र के माहुली डीह गांव से स्कूल जाने के लिए निकले दो नाबालिग बच्चों के लापता हो गए थे. लापता होने की सूचना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को राजगीर से सकुशल बरामद कर लिया. बच्चों के बरामद होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली.
नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर उमा शंकर सिंह ने बताया कि 14 वर्षीय बालक और उसका 11 वर्षीय चचेरा भाई माहुली डीह थाना इलाके से 20 अगस्त की सुबह करीब साढ़े नौ बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे. देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और इसकी पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को लेकर प्राथमिकी दर्ज की. जिसके बाद लापता हुए बच्चों की तलाश शुरू की. पुलिस की तत्परता और प्रयास के बाद दोनों बच्चों को राजगीर से सकुशल बरामद कर लिया गया.
थानाध्यक्ष को पूछताछ में दोनों बच्चों ने बताया कि पढ़ाई-लिखाई के डर के कारण दोनों मध्यांतर के समय स्कूल से भाग गए थे. पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया. बच्चों के सकुशल बरामद होने से परिवार में खुशी का माहौल है.
