Nawada news : पकरीबरावां. पकरीबरावां थाना क्षेत्र के मेघीपुर गांव के समीप मंगलवार की देर शाम करीब 7 बजे दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की स्थिति चिंताजनक होने के कारण उन्हें नवादा रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार, एरूरी गांव के दो युवक मोटरसाइकिल से बियर की डिलीवरी करने नवादा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बियर ले जा रहे युवकों की बाइक की रफ्तार काफी तेज थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बियर की बोतलें सड़क पर बिखर गईं, जिन्हें उठाने के लिए स्थानीय लोगों के बीच होड़ मच गयी.
घायलों की पहचान और रेस्क्यू
घटना के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पंचायत समिति सदस्य के पति सह लोजपा नेता मंटू सिंह के सहयोग से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां ले जाया गया. घायलों की पहचान जयकरण कुमार (पिता- महेंद्र यादव, एरूरी), राजू कुमार (पिता- राजेश यादव, एरूरी),नीतीश कुमार (पिता- श्रीकांत चौहान, मड़हल) और बीरू चौहान (पिता- पूना चौहान, चिड़िहारी) के रूप में की गयी. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जयकरण कुमार और राजू कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया है. समाचार प्रेषण तक दोनों की हालत नाजुक बनी हुई थी. पकरीबरावां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन में जुटी है.
