नवादा में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म, एफएसएल जांच शुरू, दो आरोपित हिरासत में

Nawada Crime News: नवादा के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पहरैठा गांव में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है. पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया है, जबकि एफएसएल जांच और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है.

नवादा से जावेद नजफ़ की रिपोर्ट
Nawada Crime News: नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड के थाली थाना क्षेत्र स्थित पहरैठा गांव में 15 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने गांव के तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है.

पीड़िता ने चाकू के बल पर दुष्कर्म का लगाया आरोप

थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 27 जून की शाम वह घर के समीप खजूर तोड़ने गई थी. इसी दौरान गांव के तीन युवकों ने कथित तौर पर चाकू के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. घटना के बाद वह बेहोशी की हालत में घटनास्थल पर पड़ी रही.

ग्रामीणों ने परिजनों को दी सूचना

बताया गया कि गांव के दो युवकों ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता को दर्द से कराहते देखा. पहचान होने के बाद उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी. परिजन उसे घर ले गए और बाद में पुलिस को मामले की जानकारी दी.

अस्पताल से सदर अस्पताल किया गया रेफर

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता को इलाज के लिए गोविंदपुर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मुम्ताजुल हक ने बताया कि मामला गंभीर प्रतीत होने पर प्राथमिक जांच के बाद पीड़िता को बेहतर इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए सदर अस्पताल नवादा रेफर किया गया.

तीन के खिलाफ प्राथमिकी, दो हिरासत में

28 जून को पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की. पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

पुराने जमीन विवाद की भी हो रही जांच

थाली थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से पारिवारिक संबंध रहे हैं तथा वर्ष 2024 और मई 2026 में जमीन विवाद को लेकर मारपीट के मामले भी दर्ज हुए थे. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.

एफएसएल टीम जुटाएगी साक्ष्य

पुलिस के अनुसार मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया है. मेडिकल परीक्षण और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में 30 जून को एएनएम-जीएनएम को मिलेगा RCH पोर्टल 2.0 का प्रशिक्षण, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं पर रहेगा फोकस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 7 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 न्यूज़ चैनल से की. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में कार्यरत हैं.

बिहार की राजनीति, प्रशासन, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग करते हैं. राज्य की राजनीतिक गतिविधियों, नीतिगत फैसलों और उनके आम लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव का विश्लेषण करना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. इसके साथ ही वे कृषि, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >