दिशा की बैठक में गूंजा पेयजल और जाम का मुद्दा, सांसद ने योजनाओं में तेजी लाने के दिये निर्देश

जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित की गयी

समाहरणालय में विकास योजनाओं की समीक्षा, जनसमस्याओं पर अधिकारियों की लगी क्लास

प्रत्येक पंचायत में नल-जल योजना को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का सख्त निर्देश

गौरक्षिणी मोड़ के पास अतिक्रमणमुक्त होगी जमीन, बस एवं ऑटो पड़ाव के निर्माण का रास्ता साफ

स्वास्थ्य और अवैध खनन पर भी की गयी विशेष चर्चा, सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश प्रतिनिधि, नवादा नगर

जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता सांसद-सह-अध्यक्ष दिशा, विवेक ठाकुर ने की. इस उच्चस्तरीय बैठक में जिले के विकास, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और आधारभूत संरचनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी. बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने प्रशासनिक उपलब्धियों और संचालित योजनाओं का संक्षिप्त ब्यौरा प्रस्तुत किया. सांसद ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा

बैठक में त्वरित ग्रामीण जलापूर्ति, मध्याह्न भोजन, सर्वशिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण) और मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. डीआरडीए निदेशक धीरज कुमार ने पीपीटी के माध्यम से विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की. समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सहकारिता, शौचालय निर्माण और कृषि विभाग की उपलब्धियों को भी खंगाला गया. सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो योजनाएं लंबित हैं, उन्हें समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए. जनप्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन के पटल पर रखा.

पेयजल संकट पर तल्ख तेवर

हिसुआ विधायक अनिल सिंह ने जिले के कई हिस्सों में व्याप्त भीषण पेयजल संकट का मुद्दा उठाया. इस पर पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता ने सफाई देते हुए बताया कि खराब चापाकलों की मरम्मत के लिए धावा दल सक्रिय है. उन्होंने दावा किया कि कंट्रोल रूम और सीजीआरसी पोर्टल से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जा रहा है. सांसद विवेक ठाकुर ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पंचायत में नल-जल योजना को प्राथमिकता पर लागू किया जाए. उन्होंने कहा कि जिन वार्डों या टोलों में अब तक पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां युद्धस्तर पर कार्य शुरू करें और चापाकल मरम्मत की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से दें.

शिक्षा और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता

विधान पार्षद अशोक कुमार ने शिक्षा विभाग और मध्याह्न भोजन योजना में आ रही विसंगतियों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सदन को आश्वस्त किया कि विद्यालयों में निर्धारित मेनू के अनुसार ही भोजन दिया जा रहा है और इसकी डिजिटल रिपोर्टिंग पोर्टल पर नियमित हो रही है. सांसद ने शिक्षा विभाग को हिदायत दी कि योजनाओं का संचालन पारदर्शी हो और अधिकारी केवल कार्यालय में न बैठकर विद्यालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें ताकि शैक्षणिक गुणवत्ता बनी रहे.

अवैध खनन और जाम से मुक्ति की पहल

बैठक में अवैध बालू खनन का मामला भी प्रमुखता से उठा. जिला खनिज पदाधिकारी ने बताया कि जिला खनन टास्क फोर्स और पुलिस प्रशासन लगातार छापेमारी कर अवैध भंडारण और परिवहन पर कार्रवाई कर रहे हैं. वहीं, वारिसलीगंज में जाम की समस्या पर कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि गौरक्षिणी मोड़ के पास लोक निर्माण विभाग की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कर बस एवं ऑटो पड़ाव बनाने की योजना है. इसके लिए एनओसी की प्रक्रिया जारी है. सांसद ने पथ प्रमंडल को तत्काल एनओसी जारी करने का निर्देश दिया, ताकि बस स्टैंड का निर्माण जल्द शुरू हो सके.

बिजली और जलनिकासी पर फोकस

नगर पर्षद नवादा में जलजमाव की समस्या पर बताया गया कि करीब 381.93 लाख रुपये की लागत से आठ बड़े नालों का निर्माण चल रहा है, जबकि तीन अन्य नाला योजनाओं के लिए निविदा प्रक्रियाधीन है. विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने जर्जर तारों को बदलने और जले हुए ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय के भीतर बदलने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति में सुधार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में समान रूप से दिखना चाहिए.

स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती पर बल

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने सदर अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया. उन्होंने एम्बुलेंस सेवाओं को सुदृढ़ करने और मरीजों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया. बैठक में नवादा विधायक विभा देवी, रजौली विधायक विमल राजवंसी, गोविंदपुर विधायक विनिता मेहता, जिला परिषद अध्यक्षा पुष्पा देवी सहित सभी विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >