Nawada News : पकरीबरावां प्रखंड संसाधन केंद्र, पकरीबरावां में शनिवार को बीईओ ने विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर शैक्षणिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए. बैठक दो पालियों में आयोजित की गई. पहली पाली में प्राथमिक विद्यालयों और दूसरी पाली में मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापक शामिल हुए.
हाजिरी बनाकर विद्यालय से गायब रहने पर होगी कार्रवाई
बीईओ ने स्पष्ट कहा कि हाजिरी बनाने के बाद विद्यालय से गायब रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. विद्यालय प्रधानों को निर्धारित अवधि में कभी भी फोन कर जीपीएस कैमरे के माध्यम से विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों की तस्वीर भेजने को कहा जा सकता है. उन्होंने प्रधानाध्यापकों को विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया.
विद्यालयों पर लिखवाना होगा 'विद्या ददाति विनयम्'
बैठक में विद्यालय के नाम के ऊपर 'विद्या ददाति विनयम्' लिखवाने, निपुण का लोगो लगाने और निपुण कार्यक्रम के तहत नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया. साथ ही निरीक्षण पंजी अनिवार्य रूप से रखने और निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा गया.
Also Read : दिल्ली रैली की तैयारी में जुटी भाकपा, साहेबपुर कमाल से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा
विद्यांजली पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण की सराहना
बीईओ ने विद्यांजली पोर्टल पर प्रखंड के सभी विद्यालयों का शत-प्रतिशत पंजीकरण होने पर प्रधानाध्यापकों को बधाई दी. वहीं टीईटी उत्तीर्ण नहीं करने वाले शिक्षकों की सूची भी मांगी गई. बैठक में पाठ-टीका का संधारण, अपार आईडी निर्माण और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण का लक्ष्य पूरा करने पर भी जोर दिया गया.
सभी शिक्षकों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश
सभी विद्यालय प्रधानों को शिक्षकों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया गया. इसके माध्यम से विद्यालय और शिक्षकों से संबंधित आवश्यक सूचनाओं के आदान-प्रदान को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया.
बरसात में एमडीएम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत
एमडीएम प्रभारी आलोक कुमार चंचल ने बरसात के दौरान भोजन बनाने में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने निर्धारित समय पर उपस्थित बच्चों और एमडीएम से लाभान्वित बच्चों की संख्या दर्ज करने को कहा. साथ ही चावल को ड्रम में सुरक्षित रखने और रसोइया एवं वेंडर से संबंधित प्रपत्र दो दिनों के अंदर जमा करने का निर्देश दिया गया.
Also Read : बेगूसराय के नावकोठी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 दिनों का टेक होम राशन वितरित
ई-शिक्षाकोष पर नामांकित बच्चों की इंट्री का निर्देश
एमआईसी प्रभारी विक्रम कुमार ने सभी विद्यालयों में नामांकित बच्चों की इंट्री ई-शिक्षाकोष पर करने का निर्देश दिया. उन्होंने विद्यालय प्रधानों से संबंधित कार्य को समय पर पूरा करने की अपील की.
बैठक में कई विद्यालय प्रधान रहे मौजूद
बैठक में सुबोध कुमार, प्रभात कुमार प्रभाकर, डॉ. गुलाम दस्तगीर खान, नागेंद्र प्रसाद, संजय कुमार सुमन, राजेश कुमार पासवान, सुप्रिया बसंत, नवीन कुमार समेत अन्य विद्यालय प्रधान एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे.
Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
