Nawada News: नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड की बकसोती पंचायत स्थित गोतुम गांव में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. गोतुम गांव निवासी सुजीत सिंह की पत्नी सोनी देवी जब रसोई में खाना बना रही थीं, तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई. आग की तेज लपटें उठते ही परिजन शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागे, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई.
ग्रामीणों का प्रयास और अग्निशमन टीम की तत्परता
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और बालू व भीगे कंबल की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की. इस दौरान दो लोगों के मामूली रूप से झुलसने की भी आशंका जताई गई. सूचना के बाद अकबरपुर से पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए जलते सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर खेत में ले जाकर उसकी गैस निकाली और आग को पूरी तरह से नियंत्रित किया.
घरेलू सामान जला, पीड़ित परिवार ने लीकेज का लगाया आरोप
आग की चपेट में आने से रसोईघर समेत बगल के कमरे में रखे बिस्तर, पलंग, खाट और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए. परिजनों ने बताया कि दो दिन पूर्व बकसोती एचपी गैस एजेंसी से लाए गए सिलेंडर में पहले से लीकेज था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई. हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन पीड़ित परिवार को काफी आर्थिक नुकसान पहुंचा है.
