अवैध बालू लदे चार ट्रैक्टर जब्त, चालक व धंधेबाज फरार

जब्त ट्रैक्टरों पर प्राथमिकी दर्ज, चार लाख रुपये से अधिक का जुर्माना

जब्त ट्रैक्टरों पर प्राथमिकी दर्ज, चार लाख रुपये से अधिक का जुर्माना फोटो कैप्शन: जब्त किए गए ट्रैक्टर प्रतिनिधि, नवादा कार्यालय जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है, फिर भी अवैध खनन पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है. हाल ही में खनन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त छापेमारी में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चार अवैध बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किये गये हैं. हालांकि, ट्रैक्टर चालक और अन्य अवैध धंधेबाज फरार हो गये हैं, जिनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कादिरगंज थाना क्षेत्र की सकरी नदी से बालू खनन कर परिवहन करते हुए झराइयन गांव के पास से एक ट्रैक्टर जब्त किया गया. खनन विभाग की कार्रवाई देख चालक और अन्य धंधेबाज मौके से फरार हो गये. हिसुआ थाना क्षेत्र की धनंजय नदी से बालू खनन करते हुए एक ट्रैक्टर जब्त किया गया. इसके अलावा वारिसलीगंज और रोह थाना क्षेत्रों से भी एक-एक अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया गया. खनन निरीक्षक संतोष प्रकाश झा ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चार अवैध बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किये गये हैं. इन ट्रैक्टरों के खिलाफ संबंधित थानों में लिखित शिकायत दर्ज कर अवैध बालू खनन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. साथ ही संशोधित अवैध खनन अधिनियम के तहत प्रति ट्रैक्टर 1,05,357 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. इस प्रकार कुल जुर्माना चार लाख रुपये से अधिक हो गया है. बता दें कि जिले में करीब 11 बालू घाटों पर बंदोबस्ती धारकों द्वारा वैध तरीके से बालू खनन किया जा रहा है, जहां खनन विभाग द्वारा नियमानुसार बालू की कीमत तय की गयी है. लेकिन अवैध कमाई के चक्कर में बालू माफिया ने एक संगठित गिरोह बनाकर अवैध खनन शुरू कर दिया है. इसके बावजूद खनन विभाग समय-समय पर छापेमारी कर अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों और धंधेबाजों के खिलाफ कार्रवाई करता है, लेकिन अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है, बल्कि दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >