Nawada News: नवादा जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष प्रभाकर झा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि यह गांधी का देश है, गोडसे का नहीं, और यह देश तानाशाही के बजाय गांधी जी के दिखाए रास्ते पर ही चलेगा. उन्होंने कहा कि विपक्ष और आंदोलनरत छात्रों के भारी दबाव के कारण ही मोदी-शाह सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नीट पेपर लीक मामले के आरोप में इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा.
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को दी जीत की बधाई
प्रभाकर झा ने नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, देश के तमाम छात्र-छात्राओं तथा देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई दी. उन्होंने इसे सभी के सामूहिक संघर्ष और आंदोलन की बड़ी जीत करार दिया. उन्होंने कहा कि छात्रों के न्याय के लिए शुरू हुई इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक पूरी मजबूती के साथ खड़ी रही है.
अन्य मांगों को लेकर जारी रहेगा संघर्ष
झा ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी की तीन मुख्य मांगों में से एक—शिक्षा मंत्री का इस्तीफा—तो पूरा हो गया है, लेकिन लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. उन्होंने मांग की कि विरोध प्रदर्शनों के दौरान छात्रों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर और आपराधिक मामलों को तुरंत वापस लिया जाए, तथा परीक्षा में हुई अनियमितताओं व व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा कराई जाए.
