राजगीर रोड स्थित जंगली होटल के समीप हुई मारपीट, सात नामजद पर प्राथमिकी दर्ज.
हमले में एक युवक के हाथ की नस कटी, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से भी हुआ हमलाप्रतिनिधि, हिसुआ
नगर पर्षद क्षेत्र के राजगीर रोड स्थित जंगली होटल के समीप भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस हिंसक झड़प में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये हैं. घायलों की पहचान पांचू गढ़ निवासी वासुदेव यादव और बैजनाथ यादव के रूप में की गयी है. मामले को लेकर पीड़ित वासुदेव यादव ने थाने में आवेदन देकर सात लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी में वासुदेव यादव ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने सोची-समझी साजिश के तहत उन पर हमला किया. हमले के दौरान गड़ासे के प्रहार से वासुदेव के हाथ की नस कट गयी. इसके अलावा लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई करने और ईंट-पत्थरों से कुचलने का भी आरोप लगाया गया है.