Nawada Knife Attack: नवादा जिले के अकबरपुर चौक के समीप खुरी नदी पुल पर शुक्रवार को आम खरीदने के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आम के दाम और गुणवत्ता को लेकर ग्राहक और विक्रेता के बीच हुई कहासुनी के बाद विक्रेता ने कथित तौर पर ग्राहक पर चाकू से हमला कर दिया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए अकबरपुर चौक पर यातायात भी प्रभावित रहा.
आम खट्टा बताने पर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, थाली थाना क्षेत्र के नयका नगर निवासी संजय राम के पुत्र सनराज कुमार अपनी बहन के साथ राजगीर से लौट रहे थे. इस दौरान वे अकबरपुर न्यू पुल के पास ठेले से आम खरीदने के लिए रुके. आम का स्वाद चखने के बाद उसे खट्टा बताने पर विक्रेता कार्तिक कुमार से उनकी कहासुनी हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कार्तिक कुमार ने चाकू निकालकर सनराज कुमार पर हमला कर दिया. हमले में चाकू उनकी बाईं जांघ के पास लगा, जिससे वे घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अकबरपुर पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है.
पुलिस ने चाकू किया बरामद
सूचना मिलते ही अकबरपुर थाना की पेट्रोलिंग टीम सब-इंस्पेक्टर राजन कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची. पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात सामान्य कराया तथा घटनास्थल से हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद कर जब्त कर लिया.
आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घायल की बहन राजकुमारी देवी के लिखित आवेदन पर आरोपी कार्तिक कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मामूली विवाद के बाद आरोपी ने जानलेवा हमला किया और मौके से फरार हो गया.
थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: नवादा में लंबित योजनाओं पर डीएम सख्त, मुआवजा भुगतान और निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश
