बिंदीचक में जंगली हाथियों ने एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला
दहशत़
हाथियों के झुंड ने कई जगहों पर जमकर मचाया उत्पातजेपी आश्रम परिसर में दीवार तोडकर घुसा हांथियों का झुंड
कई घरों व मकानों को क्षतिग्रस्त कर फसलों को किया नष्ट
मुआवजे और सुरक्षा की मांग को लेकर भलुआही में सड़क जाम
रेंजर ने मृतक के परिजन को दी 20 हजार की तात्कालिक मदद
प्रतिनिधि, कौआकोल
थाना क्षेत्र में सोमवार की रात्रि हाथियों के झुंड ने कई जगहों पर जमकर उत्पात मचाया, जिसमें एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गयी, वहीं कई घरों को नुकसान पहुंचा है. जानकारी के अनुसार बिंदीचक गांव के टोला आजादनगर निवासी स्व लखन पासवान के 55 वर्षीय पुत्र राजाराम पासवान को जंगली हाथियों ने कुचल कर मार डाला है. बताया जाता है कि देर रात जंगल से निकले हाथियों का झुंड गांव में प्रवेश कर गया, इसी दौरान हाथी ने राजाराम पासवान को अपनी चपेट में ले लिया और बुरी तरह कुचल दिया. इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी है.
सड़क जाम कर ग्रामीणों ने जताया विरोध
हाथियों के अचानक हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम हो गया है. घटना से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को भलुआही बाजार के समीप कौआकोल-रोह मुख्य पथ को जाम कर विरोध जताया. ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, हाथियों से सुरक्षा तथा स्थायी समाधान की मांग प्रशासन से की है. सूचना पर पहुंचे कौआकोल रेंजर सौरभ सांडिल्य ने लोगों को समझाया और 20 हजार रुपये नगद सहायता राशि देकर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. इसके बाद करीब दो घंटे से लगा जाम समाप्त हुआ. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया है.
जेपी आश्रम और नर्सरी को भारी क्षति
हाथियों के झुंड ने सोखोदेवरा स्थित ऐतिहासिक जेपी आश्रम में भी जमकर तबाही मचायी. हाथियों ने जेपी निवास, आश्रम की बाउंड्री और मोटर पंप सहित कई सामग्रियों को नष्ट कर दिया. ग्राम निर्माण मंडल के प्रधानमंत्री अरविंद कुमार ने बताया कि हाथियों ने जेपी निवास को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है, कई कर्मी भागकर जान बचाने में सफल रहे. इसके अलावा हाथियों ने सोखोदेवरा के बंगवाटांड़ टोला में कई घरों को उजाड़ दिया और केला सहित अन्य फसलों को बर्बाद कर दिया. पनसगवा जंगल स्थित वन विभाग की नर्सरी को भी नष्ट किये जाने की सूचना है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.