असर . कई रेलगाड़ियां चल रहीं लेट, श्रमजीवी एक्सप्रेस के यात्रियों को हो रही सर्वाधिक परेशानी
बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में खड़े यात्री.
बिहारशरीफ : जिले में लगातार पड़ रही ठंड और कुहासे का असर बख्तियारपुर- राजगीर रेल खंड पर चलनेवाली लगभग एक दर्जन रेलगाड़ियों के परिचालन पर भी पड़ रहा है. लंबी दूरी की गाड़ियों पर कुहरे तथा धुंध का जबरदस्त प्रभाव पड़ रहा है. राजगीर से नयी दिल्ली तक जानेवाली श्रमजीवी एक्सप्रेस सर्वाधिक प्रभावित हो रही है.
इसकी स्थिति यह है कि सोमवार को आनेवाली श्रमजीवी एक्सप्रेस 22 घंटे लेट से आयी मंगलवार की सुबह पहुंची. नतीजा यह हुआ कि गाड़ी सुबह खुलने के बजाय मंगलवार की शाम चार बजे राजगीर से खुली. इसके एक दिन पूर्व श्रमजीवी को लेट होने के कारण उसे कैंसिल करना पड़ा था. इससे रेलयात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. राजगीर में मेंटेनेंस का कार्य होने के कारण भी इसे यदा-कदा देर से खोला जाता है.
इसी प्रकार रात्रि में बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस वाराणसी से होते हुए सारनाथ तक जाती है. राजगीर से खुलने में इसे कोई समस्या नहीं है, लेकिन रास्ते में लेटलतीफी का शिकार हो रही. राजगीर हावड़ा फास्ट पैसेंजर भी डेढ़-दो घंटे देर से आ-जा रही है. हालांकि अन्य स्थानीय रेलगाड़ियां बख्तियारपुर, फतुहा तथा पटना आने-जाने में भी आधे घंटे से पैतालिस मिनट तक देर से पहुंच रही है. इस संबंध में बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन के प्रबंधक एसके प्रदीप ने बताया कि रेलगाड़ियों के सुरक्षित परिचालन में कोहरे तथा धुंध से बाधा आती है. रेलवे द्वारा गाड़ियों के समय पर परिचालन का हर संभव कोशिश की जा रही है. पटना-फतुहां तक चलनेवाली रेलगाड़ियों पर कोई खास प्रभाव नहीं है.
आठ घंटे विलंब से खुली श्रमजीवी एक्सप्रेस : राजगीर (नालंदा). राजगीर से दिल्ली को जानेवाली श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार को राजगीर रेलवे स्टेशन से आठ घंटा बिलंब से खुली. इस ट्रेन को खुलने का निर्धारित समय सुबह 8:10 बजे हैं. परंतु यह ट्रेन मंगलवार को शाम 4.25 बजे में राजगीर स्टेशन से खुली. यह ट्रेन दिल्ली से राजगीर लेट से आ रही है. सोमवार को 10:30 सुबह में राजगीर पहुंचने वाली श्रमजीवी मंगलवार को आठ बजे सुबह राजगीर आ सकी. यहां आने के बाद इसे डेली मेंटेंनस के लिए पिट लाइन पर भेजा गया. इसके कारण यह ट्रेन मंगलवार को 10:30 के बाद भी शाम 4:25 बजे खुल सकी.
