खाजा कलस्टर के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार
डीपीआर का हुआ जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन
बिहारशरीफ : जिले के सिलाव के खाजा व्यवसायियों के बहुत जल्द ही दिन बहुरने वाले हैं. इस व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने ठोस व्यवस्था की है. खाजा व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए सिलाव में खाजा कलस्टर का निर्माण किया जाएगा. निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है. इसके लिए जिला उद्योग विभाग की ओर से खाजा कलस्टर के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है.
डीपीआर आईएल एण्ड एफएस के द्वारा तैयार किया गया है. तैयार डीपीआर को जिला स्तरीय समिति की ओर से अनुमोदन कर दिया गया है. अब इसका अनुमोदन राज्य स्तरीय समिति की ओर से होना है. इसके लिए जिला उद्योग विभाग ने राज्य स्तरीय समिति से अनुमोदन के लिए अनुशंसा की गयी है. राज्य समिति की ओर से अनुमोदन प्राप्त हो जाने पर सिलाव में कलस्टर का निर्माण कार्य शुरू करने की कार्रवाई शुरू कर दी जायेगी.
सिलाव खाजा कलस्टर में ये होंगे स्थापित : सिलाव खाजा कलस्टर के निर्माण के लिए विभाग की ओर से बनाये गये डीपीआर के तहत कई विकास कार्य होंगे, ताकि खाजा के निर्माण करने में लगे व्यवसायियों को सहूलियत हो सके. डीपीआर के तहत मशीन शेड का निर्माण किया जायेगा.
आटा गुथाई मशीन लगायी जाएगी,कटिंग मशीन,पैकिंग मशीन भी लगायी जाएगी. व्यवसायियों के द्वारा निर्मित खाजा के रखाब के लिए गोदाम का भी निर्माण किया जाएगा. यह योजना सिलाव खाजा व्यवसायियों के लिए वरदान साबित होने वाली है.
क्या कहते हैं अधिकारी
सिलाव खाजा कलस्टर के निर्माण पर 1.4519 लाख रुपये खर्च होंगे. इसका डीपीआर बनाकर राज्य समिति के पास भेजी जा चुकी है. अनुमोदन प्राप्त हो जाने के बाद निर्माण कार्य की दिशा में पहल की जायेगी़ यह योजना काफी फायदेमंद साबित होगी. इसके लिए सोसायटी का निबंधन कर लिया गया है. सोसायटी ने 26 डिसमिल जमीन उपलब्ध करा दी है. ताकि निर्माण कार्य शुरू किया जा सके.
सुरेश कुमार, महाप्रबंधक, जिला उद्योग विभाग
