मुजफ्फरपुर के मीनापुर से संतोष कुमार गुप्ता
Muzaffarpur News: सिवाइपट्टी थाना क्षेत्र के घोसौत झोझा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है.
गले पर मिले गहरे जख्म के निशान
मृतका की पहचान घोसौत झोझा गांव निवासी पंकज बैठा की 25 वर्षीय पत्नी मनीषा कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार मार्च 2025 में मनीषा की शादी पंकज बैठा से हुई थी. सिवाइपट्टी थाना की अपर थानाध्यक्ष कुमारी अदिति ने बताया कि मृतका के गले पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं.
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि शादी के समय अपनी क्षमता के अनुसार उपहार दिए गए थे. इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहा था. मांग पूरी नहीं होने पर मनीषा के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी. परिजनों का आरोप है कि सोमवार को भी घरेलू विवाद हुआ था, जिसके बाद यह घटना सामने आई.
पति समेत सात लोग नामजद
मृतका के भाई संतोष कुमार रजक ने पुलिस को दिए फर्दबयान में पति पंकज बैठा, जेठ, सास, ससुर, ननद, गोतनी और देवर को नामजद आरोपित बनाया है. पुलिस के अनुसार घटना के बाद सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हैं.
छह माह के बच्चे को छोड़ गई मां
मनीषा अपने पीछे छह माह के पुत्र रूस्तम कुमार को छोड़ गई है. घटना के बाद से बच्चा भी ससुराल पक्ष के साथ नहीं मिला है. पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है. अपर थानाध्यक्ष कुमारी अदिति ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
