प्रयागराज जाने के लिए ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ नहीं हो रही कम जमालपुर 144 वर्षों बाद प्रयागराज में चल रहा महाकुंभ समापन की ओर है, लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही. प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने की होड़ मची हुई है. जिसके कारण प्रयागराज जाने वाले विभिन्न ट्रेनों में ठसमठस भीड़ की स्थिति बनी हुई है. रविवार को जमालपुर होकर प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में भी ऐसी ही स्थिति बनी रही. हालांकि शनिवार की देर संध्या दिल्ली में हुई भगदड़ में मौत के कारण भागलपुर से आनंद विहार के लिए रविवार को रवाना होने वाली 12367 अप विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस को कैंसिल कर दिया गया, परंतु इसके बाद भी 15658 अप कामाख्या-दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल एवं 22311 अप गोड्डा-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में भारी भीड़ का नजारा दिखाई पड़ा. रविवार को भी सैकड़ो की संख्या में जमालपुर से प्रयागराज जाने के लिए भारी भीड़ विभिन्न ट्रेनों से रवाना हुई. जिसके कारण रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का जमावड़ा बना रहा. पीछे से ही ट्रेनों में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे. जिसके कारण लगभग सभी डब्बे यात्रियों से भरे हुए थे, परंतु जमालपुर में ट्रेन रुकने के बाद ट्रेन पर सवार होने के लिए यात्रियों की आपाधापी मच गई. हाल यह हुआ कि जिस रेल यात्री के सामने जो डब्बा आकर रुक. इस डब्बा में प्रवेश करने का सिलसिला आरंभ हो गया. जिसके कारण न केवल स्लीपर, बल्कि वातानुकूलित कोच में भी अनाधिकार पूर्वक यात्री सवार हो गए. इधर रविवार को भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस कैंसिल कर दिया गया. इसके कारण ब्रह्मपुत्र मेल और गोड्डा-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से अपेक्षाकृत अधिक भीड़ रही. 13241 अप बांका-राजेंद्र नगर इंटरसिटी एक्सप्रेस में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला .इस ट्रेन से भी रेल यात्री पटना के लिए बड़ी संख्या में रवाना हुए. कई रेल यात्रियों ने बताया कि पटना से उन्हें कोई न कोई ट्रेन प्रयागराज जाने के लिए निश्चित रूप से मिल जाएगी. ट्रेन के वातानुकूलित कोच में भी रेल यात्रियों को खड़े-खड़े यात्रा करते दिखे. स्लीपर कोच संख्या 5 में एक कैंसर पीड़ित महिला राजेंद्र नगर के लिए आरक्षित टिकट ले रखी थी, परंतु उसे भी अन्य महिलाएं बैठने नहीं दे रही थी. जिसकी शिकायत रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर की गई. जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल द्वारा कैंसर पीड़ित महिला को सीट दिलाया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
