– अनियमित आपूर्ति के कारण लोगों को घरों का काम करना भी हो रहा मुश्किल
मुंगेरमुंगेर शहर के लोगों को इन दिनों अनियमित विद्युत आपूर्ति पूरी तरह रूला रही है. हाल यह है कि आये दिन घटों कभी मेंटनेंस के नाम पर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जा रही है. जबकि पूरे दिन ट्रिप की समस्या से तो लोगों को घरों का काम करना तक मुश्किल हो गया है. रविवार की छुटी में भी लोग अपने घरों में चैन से नहीं रह पाते हैं.
मेंटनेंस के नाम पर विद्युत आपूर्ति हो रही बाधित
एक ओर जहां मुंगेर शहर के लोग बिजली के बारबारर ट्रिप की समस्या से परेशान हैं. वहीं विद्युत विभाग द्वारा आये दिन मेंटनेंस के नाम पर घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी जा रही है. जिसमें लगभग 4 से 5 घंटे तक बिजली कटी रहती है. रविवार को भी मेंटनेंस के लिये सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली को काट दिया गया. जिसके कारण न केवल मुंगेर शहर, बल्कि नौवागढ़ी, जमालपुर क्षेत्रों में भी 5 घंटों तक विद्युत आपूर्ति बंद रही. हद तो यह है कि शाम 4 बजे बिजली आने के बाद भी बारबार बिजली ट्रीप की परेशानी ने लोगों की मुश्किल को बढ़ा दिया. बिजली नहीं रहने से सबसे अधिक परेशानी पानी को लेकर उठानी पड़ी.ट्रिप की समस्या ने बढ़ायी परेशानी
शहर में विद्युत आपूर्ति का हाल यह है कि पूरे दिन में कई बार बिजली ट्रिप हो जा रही है. जिसका न तो कोई समय होता है और न ही इसके लिये पहले से कोई सूचना उपभोक्ताओं के पास होती है. ऐसे में कई बार तो आधे से एक घंटे तक बिजली बिना किसी सूचना के चली जाती है. जिससे लोग अपने घरों का काम तक नहीं कर पाते हैं. यह हाल पिछले एक सप्ताह से जारी है. जबकि इस समस्या को लेकर विद्युत विभाग पूरी तरह लापरवाह बना है.उद्योग और व्यापार पर भी हो रहा असर
बिजली की परेशानी के कारण उद्योग और व्यापार पर भी असर पड़ रहा है. घंटों बिजली बंद रहने के कारण आटा मिल सहित छोटे-मोटे उद्योग नहीं चल पा रहे हैं. जबकि बाजार में बिजली ट्रीप के कारण अंधेरे में ग्राहक की संख्या भी कम हो गयी है. कई दुकानदारों और मिल संचालकों ने बताया कि एक ओर जहां मेंटनेंस के लिये घंटों बिजली बंद कर दी जाती है. वहीं इसके बाद भी ट्रिप की परेशानी बनी रहती है. जिससे कारोबार प्रभावित होता है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
