Motihari: आंधी-बारिश के बीच गिरी घर की दीवार, 12 वर्षीय बच्ची की मौत

पूर्वी चंपारण में तेज आंधी और बारिश एक परिवार पर भारी पड़ गई. रात के अंधेरे में अचानक घर की दीवार गिरी और 12 वर्षीय संगीता मलबे में दब गई. जब तक लोग उसे बाहर निकालते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. पढ़ें दर्दनाक हादसे की पूरी कहानी…

Motihari News: चकिया अनुमंडल के मेहसी थाना क्षेत्र में बुधवार रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. आंधी के दौरान घर की दीवार गिरने से 12 वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत हो गई.

मृत बच्ची की पहचान उझीलपुर पंचायत के वार्ड नंबर पांच, मोतनाजे बड़हरवा निवासी अजय राय की पुत्री संगीता कुमारी के रूप में हुई है.

दीवार गिरने से मलबे में दब गई बच्ची

परिजनों ने बताया कि बुधवार रात अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवा के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान घर की कच्ची दीवार का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा.

संगीता उस समय दीवार के पास मौजूद थी. हादसे के बाद वह मलबे में दब गई. परिवार और आसपास के लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.

ग्रामीणों ने हटाया मलबा

चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर बच्ची को बाहर निकाला. हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

मुआवजे की मांग

सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी ली. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में लगातार हो रही बेमौसम बारिश और आंधी अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है.

मोतिहारी के चकिया से निर्मल मिश्रा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >