Motihari News: मोतिहारी. अनुसूचित जाति एवं जनजाति कर्मचारी संघ और अंबेडकर कल्याण समिति, पूर्वी चंपारण के संयुक्त तत्वावधान में 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले युवा अधिकारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में प्रशासनिक सेवा में चयनित जिले के प्रतिभावान युवाओं को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया.
डीएसपी बने तीन युवा अधिकारियों का हुआ सम्मान
समारोह में 70वीं बीपीएससी परीक्षा में उप पुलिस अधीक्षक (DSP) पद पर चयनित मंटू कुमार, पूजा कुमारी और कुंदन कुमार निराला को सम्मानित किया गया. उपस्थित लोगों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
युवाओं के लिए प्रेरणा बनी सफलता
मुखिया संघ बिहार के प्रदेश सचिव राजू बैठा ने कहा कि इन युवा अधिकारियों की सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है. कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर इन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है. इससे पूर्वी चंपारण सहित पूरे बिहार के युवाओं को सिविल सेवा की तैयारी के लिए नई प्रेरणा मिलेगी.
शिक्षा और प्रशासनिक सेवा के प्रति बढ़ेगा आकर्षण
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह का उद्देश्य युवाओं में शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है. उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित अधिकारी पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा समाज और राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
बड़ी संख्या में अधिकारी और समाजसेवी रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन अनुसूचित जाति एवं जनजाति कर्मचारी संघ तथा अंबेडकर कल्याण समिति के सचिव चतुर्भुज बैठा ने किया. समारोह में शिक्षा विभाग के डीपीओ गोपाल कृष्ण प्रसाद, सुरेंद्र बैठा, सुशील कुमार, मुन्ना राम, कृष्ण कुमार पासवान, रमेश राम, शून्य देव पासवान, अशोक हजरा, डॉ. डी. नारायण, सकल देव राम, राजेश राम, साहेब बैठा, जितेंद्र राम, दीपक पासवान, ओमप्रकाश कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: केसरिया में इंडेन गैस गोदाम का ताला काटकर छह सिलेंडर चोरी, सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ा
