फोटो खींचो, सवाल भेजो और तुरंत पाओ जवाब, मॉडल स्कूलों के लिए शुरू होगी नई डिजिटल सुविधा

मॉडल स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए खुशखबरी है. सरकार की 'साथी' ऐप पहल के ज़रिये अब 24 घंटे नि:शुल्क डाउट क्लियरिंग की सुविधा मिलेगी. छात्र कभी भी, कहीं भी अपने पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे और विशेषज्ञों से समाधान पा सकेंगे.

Motihari News: मोतिहारी. मॉडल स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए पढ़ाई से जुड़े सवालों का समाधान अब आसान होने जा रहा है. सरकार की पहल ‘साथी’ ऐप के माध्यम से छात्रों को 24 घंटे नि:शुल्क डाउट क्लियरिंग की सुविधा मिलेगी. मंगलवार को इस योजना को लेकर विभागीय पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी के साथ ऑनलाइन बैठक कर ऐप की कार्यप्रणाली और इसके उपयोग की जानकारी साझा की.

‘साथी’ ऐप पर 24 घंटे मिलेगा सवालों का जवाब

नई व्यवस्था के तहत छात्र पढ़ाई के दौरान किसी भी समय अपना सवाल ‘साथी’ ऐप पर भेज सकेंगे. किसी फॉर्मूला, थ्योरी या कठिन सवाल को समझने में परेशानी होने पर छात्र उसे टाइप कर या उसकी फोटो खींचकर ऐप पर अपलोड कर सकेंगे.

ऐप से जुड़े विषय विशेषज्ञ और एआई ट्यूटर सवाल का समाधान आसान भाषा में उपलब्ध कराएंगे.

फोटो खींचकर भी भेज सकेंगे सवाल

‘साथी’ ऐप की खासियत यह होगी कि छात्रों को हर सवाल खुद टाइप करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. किताब या नोटबुक में दिए गए कठिन सवाल की फोटो लेकर उसे ऐप पर अपलोड किया जा सकेगा. इसके बाद विषय विशेषज्ञ या एआई आधारित सिस्टम उसके समाधान में मदद करेगा.

सभी विषयों में मिलेगी डिजिटल मदद

विभागीय जानकारी के अनुसार ऐप के माध्यम से विज्ञान, गणित, अंग्रेजी सहित विभिन्न विषयों में विद्यार्थियों को सहायता मिलेगी. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए भी यह सुविधा उपयोगी हो सकती है.

इसके माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं का समाधान घर बैठे मिलने की उम्मीद है.

कोचिंग और ट्यूशन पर निर्भरता होगी कम

शिक्षा विभाग का उद्देश्य मॉडल स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण डिजिटल मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है. खासकर ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बड़े शहरों जैसी शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.

स्कूल के बाद घर पर पढ़ाई करते समय किसी सवाल पर अटकने वाले छात्रों को अब शिक्षक के अगले दिन आने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

33 मॉडल स्कूलों के छात्रों को मिलेगा लाभ

जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी ने बताया कि जिले में कुल 33 मॉडल स्कूल हैं. इन विद्यालयों के छात्रों को ‘साथी’ ऐप की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है.

एजेंसी के विशेषज्ञ प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर ऐप की कार्यप्रणाली समझाएंगे और छात्रों के अकाउंट बनाए जाएंगे. इसके बाद विद्यार्थी ऐप का इस्तेमाल कर अपने डाउट क्लियर कर सकेंगे.

यह भी पढ़ें: हाफ डे को लेकर जिलों में अलग-अलग आदेश पर रोक, शिक्षा विभाग ने दिया सख्त निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमृतेश कुमार

अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >