Madhubani News: मधुबनी पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. बाबूबरही थाना क्षेत्र के बरदाहा निवासी विक्की कुमार झा पर संविदा पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 8 लाख रुपये ठगने का आरोप है. एसएसपी योगेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी फर्जी जॉइनिंग लेटर जारी कर लोगों को सरकारी नौकरी और ठेका दिलाने का झांसा देता था. जांच में कई अन्य गंभीर मामलों का भी खुलासा हुआ है.
Babubarhi News: 8 लाख रुपये की ठगी के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
एसएसपी ने बताया कि 18 जुलाई को मणिकांत चौधरी ने बाबूबरही थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. आवेदन में आरोप लगाया गया कि विक्की कुमार झा ने संविदा पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे 8 लाख रुपये ले लिए. शिकायत मिलने के बाद सदर-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू किया गया.
फर्जी जॉइनिंग लेटर और कई गंभीर मामलों का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्वयं को सरकारी पदाधिकारी बताकर फर्जी जॉइनिंग लेटर जारी करता था और कई लोगों से नौकरी व सरकारी ठेका दिलाने के नाम पर ठगी कर चुका है. एसएसपी ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन से कई युवतियों के साथ कोर्ट मैरिज की तस्वीरें भी मिली हैं. जांच में युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर यौन शोषण करने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है.
आरोपी गिरफ्तार, अन्य पीड़ितों से शिकायत की अपील
पुलिस ने साक्ष्य मिलने के बाद छापेमारी कर विक्की कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. बाबूबरही थाना कांड संख्या 388/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. एसएसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि यदि किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी विक्की कुमार झा ने ठगी की है तो वे बाबूबरही थाना या अपने नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और प्रभावी ढंग से की जा सके.
यह भी पढ़ें: सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल का भव्य लोकार्पण, सीएम ने किया ऑनलाइन उद्घाटन
