Madhubani News : आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए चलेगा विशेष अभियान

जिले के सभी नागरिकों को सुलभ, निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की तिथि निर्धारित की गयी है.

Madhubani News : मधुबनी.

जिले के सभी नागरिकों को सुलभ, निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की तिथि निर्धारित की गयी है. आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड व 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदन कार्ड निर्माण के लिए 16 जनवरी से 31 जनवरी तक जिले भर में विशेष अभियान चलाया जाएगा. जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक में इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिले की सभी पंचायतों में पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति निःशुल्क इलाज से वंचित न रहे.

पंचायत स्तर पर होगा शिविर का आयोजन :

अभियान के दौरान प्रत्येक पंचायत, गांव में संचालित वसुधा केंद्र कॉमन सर्विस सेंटर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. जहां सीएससी के वीएलई (ऑपरेटर) द्वारा निःशुल्क आयुष्मान कार्ड का निर्माण किया जाएगा. पंचायत व गांव में शेष बचे पात्र लाभार्थियों को शिविर तक लाने व ले जाने की पूर्ण जिम्मेदारी आशा कार्यकर्ताओं को दी गई है. इसके साथ ही आशा कार्यकर्ता स्वयं भी आयुष्मान कार्ड का निर्माण कराएंगी.

कौन हैं पात्र लाभार्थी :

राशन कार्डधारी परिवार के सभी सदस्य आयुष्मान भारत एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के पात्र हैं. परिवार के प्रत्येक सदस्य का अलग-अलग आयुष्मान कार्ड बनना अनिवार्य है. कारण किसी एक सदस्य के कार्ड से अन्य सदस्य इलाज का लाभ नहीं ले सकते हैं. 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी नागरिक आयुष्मान वय वंदन योजना के अंतर्गत पात्र हैं. जिनका कार्ड केवल आधार कार्ड के आधार पर बनाया जाएगा. आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए राशन कार्ड एवं आधार कार्ड आयुष्मान वय वंदन कार्ड के लिए केवल आधार कार्ड जरूरी है.

जिम्मेदारी एवं अनुश्रवण

सीएससी पर शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड निर्माण की जिम्मेदारी जिला स्तरीय सीएससी प्रबंधक व समन्वयक को दी गई है. पंचायत स्तर पर अनुश्रवण आशा फैसिलिटेटर एवं प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक करेंगे. प्रखंड स्तर पर बीएचएम आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पूर्ण रूप से जिम्मेवार होंगे. जिला स्तर पर जिला कार्यक्रम समन्वयक (आयुष्मान भारत) एवं जिला सामुदायिक उत्प्रेरक समन्वय बनाकर कार्य करेंगे. पूरे अभियान का अनुश्रवण सिविल सर्जन करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By GAJENDRA KUMAR

GAJENDRA KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >